Bijnor: एक कॉल पर दिल्ली से घर पहुंचा घबराया बेटा, ताला खोला तो मां का क्षत-विक्षित शव देख कांप गई रूह
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जनपद के गांव खारी में उस वक्त सनसनी फैल गई जब एक बंद मकान के भीतर महिला का क्षत विक्षत शव पड़ा मिला। महिला की खौफनाक तरीके से हत्या की गई है। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। परिजन मौके पर ही मौजूद है। बताया गया कि महिला घर में अकेली ही रहती थी।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में झालू के नजदीक गांव खारी निवासी एक महिला का बंद पड़े मकान में संदिग्ध अवस्था में क्षत-विक्षित शव के मिलने की सूचना पर हड़कंप मच गया और मौके पर पुलिस पहुंची। मौके पर पहुंचे महिला के पुत्र की मौजूदगी में पुलिस ने मकान के अंदर कमरे के दरवाजे का ताला खोलकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। वही महिला के परिजन हत्या की आशंका जता रहे हैं।
गांव खारी निवासी जरीना खातून (53) स्वर्गीय मोहम्मद यूसुफ की पत्नी अपने घर पर अकेली रहती है। उसका बड़ा पुत्र मोहम्मद यूनुस दिल्ली व छोटा पुत्र मोहम्मद सद्दाम पूना में रहकर काम करते है। महिला के पुत्र मौहम्मद यूनुस का आरोप है कि महिला के मेन गेट व घर के कमरे में महिला का शव पड़ा हुआ था। उन पर ताला लगा हुआ था। वहां से गुजर रहे कुछ लोगों को बाहर खून व बदबू का अहसास होने पर ग्रामीणों ने मामले की सूचना फोन पर महिला के पुत्रों को दी।
सूचना पाकर महिला का पुत्र यूनुस दिल्ली से देर शाम घर पहुंचा और घर उसके मेन गेट तोड़ने पर रक्त अधिक मात्रा में देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस की मौजूदगी में घर के अन्दर का दरवाजे का ताला खोलने पर उसने मां का क्षत विक्षित रक्त रंजित शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। जिससे उन्हें अपनी मां की हत्या की आशंका लग रही है।
सूचना पाकर एसपी सिटी प्रवीण रंजन, सीओ सिटी अनिल कुमार, थानाध्यक्ष श्यामवीर सिंह व झालू चौकी पर सुमित राठी मौके पर पहुंचे। उन्होंने महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। यूनुस का आरोप है कि करीब 3 दिन से उनकी मां का फोन पर संपर्क नहीं हो पा रहा था।
थानाध्यक्ष श्यामवीर सिंह का कहना है कि महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम की रिपोर्ट आने के बाद आगे कार्रवाई की जाएगी।