BIJNOR: विवाहिता ने कैमरे के सामने जहरीला पदार्थ पीकर की आत्महत्या, युवक पर लगाए गंभीर आरोप
उत्तर प्रदेश के बिजनौर की रहने वाली एक विवाहिता ने कैमरे के सामने जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या कर ली। वीडियो में विवाहिता अपनी मौत का जिम्मेदार एक युवक को बताते हुए उस पर कई गंभीर आरोप लगा रही है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के बिजनौर में किरतपुर थानाक्षेत्र निवासी एक विवाहिता द्वारा जहरीला पदार्थ पीकर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। विवाहिता ने वीडियो वायरल कर गांव निवासी एक युवक पर आरोप लगाया है कि वह आपत्तिजनक फोटो वायरल करने की धमकी देकर उत्पीड़न कर रहा था। पीड़िता ने मरने से पहले वजाहत रजा युवक पर आरोप लगाया है और कहा कि मेरे मरने का पूर्ण जिम्मेदार वजाहत रजा ही होगा। वहीं इसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार ग्राम मेमन सादात निवासी महिला अपने हाथ में जहरीले पदार्थ की शीशी व दूसरे हाथ में पानी की बोतल लिए हुए है। वीडियो में महिला आरोपी युवक का नाम बताते हुए कह रही है कि उसने फोटो वायरल किये हैं। जिससे क्षुब्ध होकर वह मरने के लिए मजबूर हो रही है। महिला वीडियो में जहरीला पदार्थ पीने से पहले भी आरोपी का नाम बता रही है।
यह भी पढ़ें: BIJNOR: जीएसटी के असिस्टेंट कमिश्नर विनय शुक्ला ने सुनीं व्यापारियों की समस्याएं
वीडियो में महिला कहती है कि वह अपने को बेइज्जत महसूस कर रही है और कह रही है कि अब जीने का कोई औचित्य नहीं रहा। वजाहत रजा ने मुझे बहुत बदनाम कर दिया। विवाहिता ने कहा कि मेरे मरने के बाद आरोपी वजाहत रजा को कड़ी से कड़ी सजा मिलनी चाहिए। इस पूरे प्रकरण में मेरे पति बेकसूर हैं।
स्थानीय लोगों के अनुसार मृतका के दो बच्चे हैं। आरोपी वजाहत गांव मेमन में महिला के घर के पास ही रहता है। ग्रामवासियों ने महिला की मौत की पुष्टि करते हुए बताया कि महिला व पति तथा आरोपी युवक ग्राम मेमन के ही रहने वाले हैं। महिला व उसका पति वर्तमान में हैदराबाद में रहते थे।
ये पूरी घटना हैदराबाद में ही घटित हुई है। वायरल वीडियो लगभग 12 दिन पुराना बताया जा रहा है। इस मामले में थाना प्रभारी मनोज कुमार ने बताया कि हमें अभी कोई तहरीर नहीं मिली है और यह मामला मेरे संज्ञान में नहीं है।