UP: पूजा शर्मा नहीं, जमीला खातून है, हिंदू बन मुस्लिम युवकों को फंसाती थी जाल में, होश उड़ा देगी इसकी सच्चाई
Bijnor News : जमीला खातून ने पूजा शर्मा बनकर कई मुस्लिम युवकों को जाल में फंसाया। वह पूजा शर्मा बनकर मुस्लिम युवकों से रुपये ऐंठती थी। इसकी पूरी सच्चाई जानकर आपके भी होश उड़ जाएंगे।
विस्तार
असम की रहने वाली जमीला खातून ने पूजा शर्मा बनकर कई लोगों को अपने जाल में फंसाया और उनसे रुपये ऐंठ लिए। जांच में पता चला कि उसने एक गिरोह बना रखा था, जिसमें कई पुरुष भी शामिल थे। अब पूरे मामले का खुलासा हुआ तो हर कोई हैरान रह गया।
बिजनौर में कोतवाली देहात पुलिस ने लोगों को झूठे मुकदमे में फंसा कर पैसों की मांग करने वाली महिला को दो साथियों के साथ गिरफ्तार किया है। पकड़ में आई महिला मूल रूप से असम की रहने वाली जमीला है, जो कि पूजा शर्मा बनकर रह रही थी।
थाना कोतवाली देहात में छह जुलाई को पूजा शर्मा पुत्री स्वर्गीय राजू शर्मा निवासी महावीर कॉलोनी तिलक नगर दिल्ली ने तहरीर देकर बताया था कि उसका निकाह 29 मई 2023 को ग्राम अकबराबाद निवासी एहतेशाम पुत्र मोहम्मद फरीद के साथ हुआ था। तहरीर में पूजा शर्मा ने आरोप लगाया था कि एहतेशाम उसे छोड़कर चला गया है और एहतेशाम के माता-पिता उसे प्रताड़ित कर रहे हैं।
महिला की तहरीर के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर लिया था। पुलिस ने मुकदमे की विवेचना की तो पता चला कि पूजा शर्मा का असली नाम जमीला खातून पुत्री रजब अली है और वह नई दिल्ली की रहने वाली नहीं है, बल्कि असम के कस्बा नालबरी सीलबोरी थाना डलगांव जिला दारंग की रहने वाली है।
पुलिस को जांच के दौरान जमीला खातून के नाम से पैन कार्ड, बैंक खाता और निर्वाचन कार्ड भी प्राप्त हुए। जब पुलिस द्वारा इनकी जांच कराई गई तो सभी कागजात प्राथमिक जांच में सत्य पाए गए। जमीला खातून के माता-पिता द्वारा पूजा शर्मा की पहचान अपनी पुत्री जमीला खातून के रूप में की गई।
पुलिस द्वारा मुकदमे की विवेचना करने के दौरान यह भी पता चला कि पूजा शर्मा के नाम से उसने एक फर्जी आधार कार्ड भी बनवा रखा है। महिला ने देहरादून में थाना पटेल नगर में एक व्यक्ति के विरुद्ध एक मामले में मुकदमा दर्ज करा रखा है, जबकि इसी नाम से नौशाद कुरैशी निवासी शकुंतला पटेल नगर देहरादून के विरुद्ध भी मुकदमा पंजीकृत करा कर जेल भिजवाया गया है।
इस पूरे षड्यंत्र में उसके साथ और भी लोग हैं जो गिरोह बनाकर अवैध रूप से धन की मांग करते थे। अकबराबाद निवासी मोहम्मद फरीद से भी उपरोक्त द्वारा धन की मांग की जा रही थी। न देने पर झूठे मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की धमकी दी जा रही थी।
यह भी पढ़ें: दो साल की मोहब्बत की ऐसी सजा: सामूहिक दुष्कर्म, निर्वस्त्र कर दौड़ाया फिर बनाया वीडियो, फिर भी चुप रही पीड़िता
मोहम्मद फरीद द्वारा पुलिस को महिला और उसके साथियों के विरुद्ध झूठे मुकदमे में फंसाने की तहरीर दी गई। पुलिस द्वारा पूजा शर्मा उर्फ जमीला खातून, अमजद, जहीर, आसिफ, खालिद उर्फ भूरा निवासी ग्राम अकबराबाद के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया। अब पुलिस ने पूजा शर्मा उर्फ जमीला, जहीर व आसिफ को गिरफ्तार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: विरासत: कभी देखा है हवेली वाला गांव? यहां 200 साल का इतिहास समेटे हैं 24 आलीशान हवेलियां और 11 ऐतिहासिक मंदिर