हिस्ट्रीशीटर की हत्या: तड़प रहे बहनोई पर सांस थमने तक साला करता रहा ईंट से प्रहार, वीडियो वायरल
बिजनौर जनपद के किरतपुर में दो दिन पहले गांव दूधली में धारदार हथियार से गोदकर की गई हत्या का वीडियो वायरल होने से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने हत्या आरोपी दो युवकों को हिरासत में ले लिया है। मुख्य आरोपी दोंनो सगे भाई हैं।
विस्तार
बिजनौर जनपद के किरतपुर में दो दिन पहले गांव दूधली में की गई हिस्ट्रीशीटर आसिफ उर्फ बाजा की हत्या का एक वीडियो बड़ी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में एक युवक आसिफ के सिर पर ईंट से प्रहार करते दिख रहा है।
इस पूरे घटनाक्रम का एक मकान की छत से किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया, जो अब दो दिन बाद क्षेत्र में वायरल हो रहा है। हांलाकि पुलिस ने घटना में नामजद किए गए हत्यारोपी लियाकत और नजाकत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
गांव दूधली में दो दिन पूर्व हिस्ट्रीशीटर आसिफ उर्फ बाजा निवासी सराय इम्मा की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई थी। उसके सिर पर भी वार किए गए थे।
यह भी पढ़ें: Meerut Crime Report: महिला से मारपीट, बेटी को खींचा, युवक ने शादी के आठ महीने बाद फांसी लगाकर दी जान
आसिफ दूधली निवासी एक युवती को अपनी पत्नी बताकर उसे उसके परिजनों से अपने साथ भेजने की जिद पर अड़ा था, जबकि परिजन निकाहनामे को ही फर्जी बताकर इसका विरोध करते थे।
शनिवार को आसिफ युवती को लेने उसके गांव दूधली गया था। जहां विवाद में उसकी हत्या हो गई। किरतपुर थाने में मृतक आसिफ के पिता रशीद ने युवती के सगे भाईयों लियाकत, नजाकत व ग्राम प्रधान लडड्न, दिलशाद, छुन्नन पांच लोगों के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सोमवार को हत्या में शामिल लियाकत व नजाकत को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपियों का कहना है कि आसिफ पिछले चार साल से उनकी बहन को परेशान करता था। उन्हें भी धमकी देता था।
शनिवार को वह उनके गांव आकर युवती को जबरन अपने साथ ले जाने का प्रयास कर रहा था। जिसके साथ हुए विवाद में उसकी हत्या हो गई। आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद सोमवार को हत्याकांड का वीडियो क्षेत्र में वायरल हो रहा है।