Bijnor News : गुलदार के हमले से दहशत में पूरा शहर, महिला समेत तीन की मौत, चौंका देगा घायलों का आंकड़ा
Bijnor News : गुलदारों के हमलों से पूरा बिजनौर शहर दहशत में है। चार महीनों में गुलदार महिला समेत तीन लोगों की जान ले चुके हैं। घायलों का आंकड़ा भी चौंका देगा।
विस्तार
बिजनौर जिले में कोई इलाका ऐसा नहीं है, जहां गुलदार की आमद ना हो। खेतों से लेकर आबादी तक गुलदार घूम रहे हैं। चार महीनों में दो महिलाओं समेत तीन लोगों को गुलदार के हमलों में अपनी जान गवानी पड़ी है। वहीं घायलों का आंकड़ा भी काफी लंबा है। गुलदार के हमले के बाद वन विभाग की टीम सक्रिय होती है, लेकिन कुछ दिन बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है।
पिछले दिनों करीब एक माह तक नगीना क्षेत्र में गुलदार के आतंक ने ग्रामीणों का जीना दुश्वार कर दिया था। 17 फरवरी 2023 को क्षेत्र के ग्राम किरतपुर में गुलदार के हमले में एक किशोरी की जान चली जाने के बाद वन विभाग की टीम ने हमलावर गुलदार को तो पकड़ लिया था, लेकिन 18 मार्च को क्षेत्र के ग्राम काजीवाला में एक महिला पर हमला कर गुलदार ने उसे भी मौत के घाट उतार दिया था। हालांकि वन विभाग की टीम उस हमलावर गुलदार को भी पकड़ने में तो कामयाब हो गई, लेकिन क्षेत्र में गुलदार के हमले अभी भी थमने का नाम नहीं ले रहे हैं।
वहीं, 19 अप्रैल को अब अफजलगढ़ क्षेत्र में गुलदार के हमले में एक बुजुर्ग की मौत ने वन विभाग के अधिकारियों की नींद उड़ा दी है। गुलदार के हमले के बाद वन विभाग की टीम एक बार फिर सक्रिय हो गई है। हमलावर गुलदार को पकड़ने के लिए पिंजरे लगाने की तैयारी कर दी है।
यह भी पढ़ें: UP: सपा जिलाध्यक्ष के बयान से मची खलबली, दिलाई राज्यसभा की याद, गठबंधन में बढ़ी दरार, जानें क्या है माजरा
- 18 मार्च 2023 : ग्राम काजीवाला में शौच को गई मिथलेश देवी (40) को गुलदार ने मार डाला।
- 17 मार्च 2023 : ग्राम धर्मूवाला में खेत पर गए सुक्खे सिंह (70) पर गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया।
-ग्राम बूढ़ा वाला में खेत पर काम कर रहे अमर सिंह की पांच वर्षीय पुत्री नैना को गुलदार उठाकर ले गया। पिता की बहादुरी के बाद बालिका की जान बच पाई।
-03 मार्च 2023 : ग्राम शाहलीपुर कोटरा निवासी कुलदीप का पुत्र अर्णव (10) घर में खेल रहा था। गुलदार ने घर में घुसकर अर्णव को घायल कर दिया था।
- 25 फरवरी 2023 : ग्राम फतेहपुर निवासी राजो देवी (60) पशुओं के लिए जंगल से घास लेने गई थी। जहां गुलदार ने वृद्धा पर हमला कर घायल कर दिया था।
- 17 फरवरी 2023 : ग्राम किरतपुर में मंदिर की तरफ जा रही एक 14 वर्षीय किशोरी अदिति पर हमला कर गुलदार ने उसकी जान ले ली थी।
- 12 फरवरी 2023 : ग्राम जीतपुर पलड़ी निवासी ओमप्रकाश के पुत्र टिकेंद्र (10) पर गुलदार ने हमला कर गंभीर रूप से जख्मी कर दिया था।
-12 नवंबर 2022 : ग्राम मिर्जापुर भारा निवासी डालचंद के पुत्र अमन (10) पर गुलदार ने हमला कर घायल कर दिया। मां ने बहादुरी दिखाकर उसे बचाया।
- 01 दिसंबर 2022 : ग्राम मौसमपुर निवासी होशियार सिंह की बेटी जाह्नवी (3) खेत में खेल रही थी, तभी गुलदार ने उसे घायल कर दिया। ग्रामीणों ने उसे बचाया।
घर में घुसकर कुत्ते को उठा ले गया गुलदार
अफजलगढ़ में गुलदार की दहशत बनी हुई है। गांव रफैतपुर के एक घर में घुसकर गुलदार पालतू कुत्ते को उठाकर ले गया। ग्रामीणों ने वन विभाग के अधिकारियों से पिंजरा लगाने की मांग की है।
यह भी पढ़ें: Nikay Chunav 2023: सपा ने साफ की तस्वीर, इन दो सीटों पर नहीं लड़ेगी चुनाव, रालोद का करेगी समर्थन
बुधवार को गुलदार गांव के लोचन सिंह के घर के आगंन में घुसकर वहां बंधे पालतू कुत्ते को उठाकर ले गया। गुलदार की गांव में आमद से ग्रामीणो में भय का माहौल है। ग्रामीण नृपेंद्र, राजवीर, लवकुश, टिकराज, मुकेश, अशोक आदि ने वन विभाग के अधिकारियों से पिंजरा लगाकर गुलदार पकड़ने की मांग की है। इस सम्बन्ध में वन दरोगा जगत सिंह राणा ने ग्रामीणों से सावधानी बरतने को कहा है।