फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Bijnor News ›   मंच पर फिसली ‘चिकनी चमेली’

मंच पर फिसली ‘चिकनी चमेली’

Mon, 08 Oct 2012 12:00 PM IST
Bijnor
Bijnor Updated Mon, 08 Oct 2012 12:00 PM IST
विज्ञापन
बिजनौर। संस्कृति के नाम पर नुमाइश में गीत-संगीत का कार्यक्रम भौंडेपन की भेंट चढ़ गया। सुरों में जवां हुई रात अश्लीलता में ढल गई। म्यूजिकल नाइट में देशी-विदेशी बालाओं के ठुमके देखने की ललक में उमड़ी दर्शकों की भीड़ डांसरों के अश्लील हाव-भावों पर इस कदर होश खो बैठी कि हालात काबू करने के लिए पुलिस को कई बार लाठियां भांजनी पड़ीं। अव्यवस्था के आगे पुलिस भी पस्त हो गई और कार्यक्रम बीच में ही बंद करना पड़ा।
विज्ञापन

जिला कृषि, औद्योगिक एवं सांस्कृतिक प्रदर्शनी के तत्वावधान में शनिवार रात इंदिरा बाल भवन में आयोजित म्यूजिकल नाइट में शुरूआत से ही बदइंतजामी हावी रही। खुद को आयोजकों के करीबी और रिश्तेदार बताकर कुर्सियां कब्जाने की जुगत में दर्शक बार-बार पुलिस से भिड़ते रहे। कार्यक्रम शुरू होने के कुछ देर बाद ही मंच पर अश्लीलता का राज हो गया। कम कपड़ों में नाचती रूसी कलाकार के हाव-भाव से उत्तेजित दर्शक मंच की तरफ बढ़े तो पुलिस को उन्हें खदेड़ना पड़ा। यह सिलसिला यहीं नहीं रुका। एक के बाद एक अश्लील नृत्यों से पंडाल में पूरी तरह उत्तेजना और अव्यवस्था का राज हो गया। लाठियों की मार से बेपरवाह दर्शक पुलिस वालों से भी भिड़ गए और हवा में कुर्सियां चलने लगीं। आखिरकार तकनीकी खामी का बहाना बनाकर रात एक बजे बीच ही कार्यक्रम रोक दिया गया।
विज्ञापन


एसपी नहीं पहुंचे
बिजनौर। कार्यक्रम में एसपी नितिन तिवारी को मुख्य अतिथि बनाया गया था, लेकिन वे नहीं आए। अगर एसपी आते तो कार्यक्रम की असलियत पता चलती। विशिष्ट अतिथि डा. नीरज चौधरी व चेयरमैन फरीद अहमद भी 10-15 मिनट बाद चले गए।
विज्ञापन
विज्ञापन

विदेशी डांसर को चूमा
बिजनौर। विदेशी डांसर के साथ थिरकते उसका साथी अश्लीलता की तमाम हदें लांघकर चूमा-चाटी पर उतर आया, जिससे नाराज होकर विदेशी डांसर मंच से चली गई।
पुलिस ने भी खड़े किए हाथ
बिजनौर। दर्शकों के बैठने की उचित व्यवस्था न होने के कारण अव्यवस्थाएं हावीं रही। शुरू में तो पुलिस ने व्यवस्था बनाने का काफी प्रयास किया, लेकिन बाद में पुलिस ने भी त्रस्त होकर हाथ खड़े कर दिए, लेकिन अव्यवस्थाओं के ज्यादा ही हावी होने पर पुलिस को फिर से दखल देना पड़ा। बाद में तकनीकी खराबियों का हवाला देकर प्रोग्राम अचानक बंद कर दिया। सूत्रों के अनुसार पुलिस अफसरों ने कार्यक्रम अध्यक्षों को फोन कर कार्यक्रम बंद करने को कहा था।
महिला एंकर व हास्य कलाकार से की गाली-गलौज
बिजनौर। अश्लील डांस के बाद जब महिला एंकर ने एक कॉमेडियन कलाकार को बुलाया तो कुछ लोगों ने मंच के पास आकर दोनों से गालीगलौज कर डाली और जबरदस्ती विदेशी डांसरों को ही मंच पर बुलाकर डांस कराया।
बुजुर्ग को भी याद आई जवानी
बिजनौर। एक बुजुर्ग को भी अश्लील नृत्य देख अपनी जवानी के दिन याद आ गए। बुजुर्गवार ने भी मंच के सामने विदेशी डांसर के सामने थोड़े ठुमके लगाए और पैसे उड़ाए। इसके अलावा कार्यक्रम अध्यक्षों के कई परिचितों ने भी मंच के सामने जमकर डांस किया।
नहीं मिला पानी
बिजनौर। नगर पालिका द्वारा जारी सवा लाख के बजट में दर्शक पानी पीने के लिए भी तरस गए। इसके अलावा बैज लगाकर घूमने वाले युवक प्रदर्शनी मैदान की ओर लगे छोटे गेट से प्रवेश करने वाली गरीब परिवारों की महिला व पुरुषों को धक्का देकर मैदान से बाहर खदेड़ते रहे।
डांसरों व गायकों ने ये प्रस्तुतियां दीं
बिजनौर। कार्यक्रम का उद्घाटन डा.नीरज चौधरी ने फीता काटकर किया। आकाश म्यूजिक इंटरटेनर ग्रुप के कलाकारों ने ग्रुप डांस करते हुए गणेश वंदना प्रस्तुत की। गायक वरुण ने एक हसीना थी, हाल क्या है दिलों का ना पूछो सनम सुनाया। डांसर निशा ने देर न हो जाए, सलामे इश्क मेरी जान, मैं हूं दुल्हन एक रात की आदि गीतों पर नृत्य किया। रूसी डांसर सोना ने उफ क्या रात आई है, चिकनी चमेली, चुटकी जो तूने काटी है, ले ले मजा ले आदि गीतों पर डांस किया। रशिया से आई दूसरी डांसर सबीरा ने अनेक धुनाें पर नृत्य किया। गायक निशा ने डार्लिंग आंखों से आंखें चार करने दो, सईंया दिल में आना रे, आज की रात होना है क्या आदि गीत व सौरभ ने बड़ी दूर से आए हैं, गुलाबी आंखें जो तेरी देखीं गीत सुनाए। कलाकार गुलशन ने गुलशन ग्रोवर, अमरीश पुरी, अहसान कुरैशी, सन्नी देओल आदि कलाकारों की आवाज निकाली। कार्यक्रम अध्यक्ष सभासद अशोक आर्य व इस्खार रहे। संयोजक अभि श्रीवास्तव रहे।

डांस पार्टियों का विकल्प बन रहे ऐसे कार्यक्रम
बिजनौर। प्रशासन ने व्यवस्था का हवाला देते हुए पिछले कई सालों से प्रदर्शनी में डांस पार्टियों के आयोजनों पर रोक लगा रखी है। ऐसे में इंदिरा बाल भवन में आयोजित होने वाले ये कार्यक्रम अश्लील डांस देखने का शौक रखने वालों के लिए विकल्प बनते जा रहे हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed