भदोही: धारदार हथियार से ग्राम प्रधान की हत्या, चुनावी रंजिश बताई जा रही वजह, पुलिस जांच में जुटी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भदोही जिले के कोइरौना थाना क्षेत्र के बहपूरा गांव के ग्राम प्रधान कन्हैयालाल निषाद(55) की मंगलवार रात लगभग साढ़े आठ बजे धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया। घटना घर से करीब 500 मीटर दूरी पर हुई है।
पुलिस के अनुसार, डीघ ब्लॉक के बहपूरा के ग्राम प्रधान कन्हैयालाल निषाद गांव में बन रहे पंचायत भवन के निर्माण कार्य को देखकर रात करीब साढ़े आठ बजे साइकिल से घर जा रहे थे। वह पंचायत भवन से आगे बड़े थे, तभी सुनसान स्थान पाकर पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने किसी धारदार हथियार से पीछे से गर्दन पर हमला कर दिया।
इससे वह लहूलुहान होकर गिर पड़े। हमला के बाद उनके चीखने की आवाज सुनकर थोड़ी दूर के लोग जब तक पहुंचते तब तक बदमाश फरार हो चुके थे। गांव के लोगों ने घटना की सूचना कोइरौना पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में ले लिया।
घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।, हालांकि गांव के लोगों ने चुनाव के दौरान की रंजिश को भी इससे जोड़ा है। कोईरौना थाने के प्रभारी निरीक्षक चित्रकूट पूरी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे हैं। पुलिस अधीक्षक डॉक्टर अनिल कुमार ने बताया कि घटना के बारे में जानकारी मिली है।
पुलिस जांच में जुटी है। अभी किसी भी कारण के बारे में कुछ स्पष्ट तौर पर नहीं कहा जा सकता। परिवार के लोगों से और गांव वालों से बात करके आरोपियों के बारे में जानकारी की जा रही है।