ज्ञानपुर/जंगीगंज। पूर्वोत्तर रेलवे के बनारस-रामबाग रेल खंड पर दोहरीकरण का कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। अब रेलवे 32 रेलवे फाटक पर अंडरपास और ओवरब्रिज बनाएगा। जिससे फाटकों पर जाम की समस्या से राहगीरों को राहत मिलेगी। इसको लेकर रेलवे सर्वे करने में जुट गया है। वाराणसी- रामबाग रेल खंड का 50 किमी दायरा भदोही में पड़ता है। जिसमें करीब 32 रेलवे फाटक हैं। जंगीगंज- धनतुलसी मार्ग, कौलापुर- चकपरौना मार्ग, कलिंजरा-सीतामढ़ी मार्ग, आनापुर- पड़ाव गोपीगंज मार्ग, ककराही मार्ग, गोपीगंज-रामपुर घाट मार्ग, औराई- मिर्जापुर मार्ग, माधोसिंह- खमरिया मार्ग, पटखौली- महराजगंज मार्ग प्रमुख फाटक हैं। जहां चंद मिनट के लिए फाटक बंद होता है तो जाम की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। जिससे आए दिन लोगों को दो-चार होना पड़ता है। दरवांसी गांव से गोधना मोड़ जा रहे रामलाल ने बताया कि वाराणसी रेल मंडल के अधीन उक्त रेल खंड को दोहरीकरण योजना में शामिल किया गया है। कार्यदायी संस्था सिर्फ एक आंख देख रही है जो उचित नहीं है। मरीज लेकर तटवर्ती गांव बारीपुर से गोपीगंज अस्पताल जा रहे कार चालक मुंशीलाल ने कहा कि सराय जगदीश हाल्ट से लगभग दो किमी पहले स्थित जंगीगंज स्टेशन का पश्चिमी फाटक राजमार्ग पहुंचने के लिए शार्टकट है। जहां पहुंचने पर फाटक बंद ही मिलता है। इससे मरीजों को सही समय पर इलाज न मिलने से किसी अनहोनी की चिंता अभिभावकों को तब तक सताती है जब तक फाटक नहीं खुलता।