भदोही: बीडीसी को प्रत्याशी ने धमकाया, क्षेत्र पंचायत सदस्यों ने विरोध किया तो चढ़ा पारा, वीडियो वायरल
ब्लॉक प्रमुख पद के लिए प्रत्याशी हर हथकंडे अपना रहे हैं। क्षेत्र पंचायत सदस्यों को अपने पाले में खिंचने के लिए साम, दाम, दंड की नीति अपनाई जा रही है। भदोही जिले के डीघ ब्लॉक के धनतुलसी-कटरा में दो बीडीसी को प्रत्याशी ने वोट के लिए धमकी दे दी। वीडियो वायरल होने पर सियासत गर्म हो गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होने के बाद अब राजनीतिक पंडितों से लेकर दलों की नजर ब्लॉक प्रमुखी चुनाव पर टिक गई है। जिले के सभी छह ब्लॉकों में करीब दो माह से तैयारी में जुटे दावेदार अब क्षेत्र पंचायत सदस्यों को अपने पक्ष करने में जुट गए हैं। चुनावी सरगर्मी बढ़ने के साथ ही मिठाई के डिब्बे का वजन बढ़ाने से लेकर देशाटन तक हैं।
भारी समर्थकों संग गांव में पहुंचे प्रत्याशी की बात जब बीडीसी ने नहीं सुनी तो तो उनका पारा चढ़ गया। वीडियो में सदस्यों ने वोट देने से साफ मना किया तो वह भिड़ गए और कई आपत्तिजनक बातें की। पुलिस अधीक्षक रामबदन सिंह ने कहा कि अभी ऐसी शिकायत नहीं मिली है। वायरल वीडियो की जांच कराकर कार्रवाई होगी।
अपहरण नहीं, दर्शन करने गया था बीडीसी का बेटा
सुरियावां थानाक्षेत्र के सागरपुर गांव की क्षेत्र पंचायत सदस्य हीरावती देवी ने सोमवार को बेटे के अपहरण की तहरीर वापस ले लिया। उन्होंने पुलिस को लिखित दिया कि उनका बेटा दर्शन करने मैहर देवी गया था। उसने जाते समय सूचना नहीं दी, जिससे उन्हें आशंका थी कि कहीं अपहरण तो नहीं हो गया। बेटे कमलकिशोर के आने पर वह आश्वस्त हो सकी।
क्षेत्र पंचायत सदस्यों की कट रही चांदी
ब्लॉक प्रमुखी चुनाव में हो रही देरी क्षेत्र पंचायत सदस्यों के लिए मानो मांगी हुई मुराद पूरी कर रही है। प्रत्याशियों को जहां तगड़ा चूना लग रहा है वहीं सदस्यों की चांदी कट रही है। औराई, डीघ और ज्ञानपुर ब्लॉक के 200 से अधिक सदस्य वैष्णो धाम, मैहर, कामाख्या मंदिर दर्शन करने के साथ ही टूर पर निकल गए हैं। जिसमें प्रत्याशियों को भारी भरकम रकम खर्च करनी पड़ रही है।
निर्वाचन विभाग में बढ़ी चहल-पहल
जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होने के बाद निर्वाचन विभाग अब ब्लॉक प्रमुखी के चुनाव की तैयारी में जुट गया है। विकास भवन स्थित पंचस्थानीय कार्यालय में क्षेत्र पंचायत सदस्यों की सूची को सही कराने का कार्य तेज हो गया है। सहायक निर्वाचन अधिकारी पंचस्थानीय डीएस शुक्ला ने कहा कि सभी 661 बीडीसी के नाम आदि को सही किया जा रहा है। दो से तीन दिनों में चुनाव की अधिसूचना जारी हो सकती है।