अभिनेता सोनू सूद की मदद से युवती का ऑपरेशन तो हो गया, पर अब रहने के ठिकाने का संकट
- युवती शनिवार को अस्पताल से होगी डिस्चार्ज
- पिता की हरकतों से अजीज होकर छोड़ चुकी है घर
विस्तार
पिता की हवस से आजिज आकर धर्म परिवर्तन करने वाली भदोही जिले के घोसिया की युवती का ऑपरेशन अभिनेता सोनू सूद के खर्चे पर तो हो गया, मगर अब वह कहां रहेगी, यह समस्या खड़ी हो गई है। बोन टीबी का शिकार युवती के ऑपरेशन के बाद चिकित्सकों ने दो माह तक पूरी तरह बेड रेस्ट करने की सलाह दी है। लेकिन, उसके पास रहने के लिए ठिकाना ही नहीं है। घरवालों ने सीधी धमकी दी है कि यहां आओगी तो खैर नहीं।
शुक्रवार को अमर उजाला से बातचीत में हरियाणा के करनाल में भर्ती युवती ने बताया कि वह शनिवार को अस्पताल से डिस्चार्ज कर दी जाएगी। इसके बाद दो महीने तक बेड रेस्ट करने की सलाह चिकित्सकों ने दी है। रहने के लिए घर पर बात की तो घरवालों ने वहां आने के लिए सीधे मना कर दिया।
घरवालों ने कहा कि यहां आओगी तो खैर नहीं। सोनू सूद ने इलाज का पूरा खर्च वहन कर पहले ही काफी मदद की है। अब एक लड़की होने के नाते घर पर रहना ही ज्यादा मुनासिब होगा, मगर पिता का रवैया ठीक नहीं है। गौरतलब है कि वर्ष 2013-14 में पिता की हरकतों से आजिज युवती घर छोड़कर अहमदाबाद चली गई थी। वहां एक युवक की मदद से नौकरी कर ली।
घरवालों के व्यवहार से दुखी होकर उसने हरिद्वार में जाकर धर्म परिवर्तन कर लिया। इस दौरान उसने अपना नाम भी बदल लिया। लॉकडाउन में दिल्ली से कानपुर आते समय बस पलट जाने से उसकी रीढ़ की हड्डी में गंभीर चोट आ गई थी। इसके बाद वह बोन टीबी का शिकार हो गई।
लड़की को उपचार के बाद उसके घर में ही रखवाया जाएगा। घर वाले उसे घर आने से मना नहीं कर सकते। आखिर वह कहां जाएगी। इसके बारे में बात की जाएगी। - राजेंद्र प्रसाद, जिलाधिकारी