औराई। क्षेत्र के नारायणपुर गांव के कलूटपुर पूरवे में कोरोना पॉजिटिव मिलने के बाद प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने सतर्कता बढ़ा दी है। शनिवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने गांव एवं सटे इलाके के 1339 घरों का सर्वे कर जांच की। सतर्कता के मद्देनजर गांव की सीमाओं को सील कर दिया गया।
औराई के कलूटपुर गांव में कोरोना पॉजिटिव युवक के मिलने के बाद से सन्नाटा पसर गया है। शनिवार की सुबह से ही जिले भर का स्वास्थ्य महकमा 22 टीम बनाकर कलूटपुर सहित उसकी जद में एक किलोमीटर तक आने वाले 10 गांव के 1339 घरों का सर्वे किया। कोरोना पॉजिटिव व्यक्ति को मंडलीय चिकित्सालय भेजा गया जबकि उसके परिवार और आसपास के 13 लोगों को चिह्नित कर आइसोलेशन वार्ड में रखा गया। 22 टीमें सारीपुर, निजामपुर, गिर्द बड़गांव, ठेगीपुर, नारायणपुर, महदेपुर, दल्लूपुर और रत्ना गांव में घर-घर जाकर लोगों से मिली। सर्वे में आठ लोग सर्दी बुखार और खांसी से पीड़ित पाए गए। गांव में आने वाले चारों रास्तों पर बांस-बल्ली लगाकर सील कर वहां पर पुलिसकर्मी तैनात किए गए। स्वास्थ्य टीम के पहुंचने पर लोगों ने सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करते हुए बाहर निकल कर जांच कराई। अभी तक सील हुए कलूटपुर में सब्जी , किराना और दूध की आपूर्ति करने वाले लोगों का पास नहीं जारी हो सका है।