कोइरौना क्षेत्र के गोपालापुर कलिंजरा गांव में स्थित साईं बाबा मंदिर की 17वीं वार्षिक पर भव्य पालकी यात्रा बृहस्पतिवार को श्रद्धा और उल्लास के साथ निकाली गई। ओम साईं राम और सबका मालिक एक के जयकारों से गांव गुंजायमान हो उठा। यात्रा में बड़ी संख्या में महिला-पुरुष श्रद्धालु शामिल हुए। प्रमुख पुजारी प्रेम शंकर पांडेय ने बाबा की भव्य आरती की। फूलों से सजी चांदी की पालकी में साईं बाबा की मनोहारी प्रतिमा विराजमान थी। भक्त साईं पालकी भजन पर नाचते-गाते चल रहे थे। यात्रा में बैंड-बाजा, घोड़े, बग्घी के साथ श्रद्धालु ध्वज-पताकाएं ले कर चल रहे थे। महिलाएं सिर पर कलश रखकर और पुरुष केसरिया साफा बांधकर यात्रा में शामिल हुए। महिलाओं ने घरों से निकलकर बाबा की आरती उतारी और पालकी का पूजन किया। मुख्य पुजारी ने बताया कि पालकी यात्रा के माध्यम से बाबा के श्रद्धा और सबुरी के संदेश को घर-घर पहुंचाना है। पालकी यात्रा में पूर्व प्रधान रवि शंकर पांडेय विजय शंकर पांडेय, टीएन पांडेय, सचिन तिवारी, पवन पांडेय, विधाता पांडेय, शशि दीक्षित, संदीप दीक्षित, रोहित पांडेय बेचन पांडेय आदि रहे।