विधायक विजय मिश्र के पुत्र का पलटवार, कहा-32 करोड़ के बकायेदार हैं मुकदमा कराने वाले
मकान और संपत्ति पर कब्जा करने के आरोप में रिश्तेदार कृष्णमोहन तिवारी की ओर से विधायक विजय मिश्र, उनकी पत्नी एमएलसी रामलली मिश्रा और पुत्र विष्णु मिश्र पर मुकदमा दर्ज कराने के बाद शनिवार को विधायक पुत्र विष्णु मिश्रा ने कृष्णमोहन तिवारी पर पलटवार किया। कहा कि उनके ऊपर हमारी कंपनी के 32 करोड़ रुपये बकाया हैं। रकम देनी न पड़े, इसलिए वह इस तरह के प्रपंच रच रहे हैं।
शनिवार को मीडिया से मुखातिब विधायक और उनके पुत्र ने कहा कि कृष्णमोहन तिवारी से हमारे ताल्लुकात अच्छे हैं, लेकिन अचानक मन में लालच आने के कारण वह षड्यंत्र करने लगे हैं। उनके ऊपर सफेद गिट्टी, काली गिट्टी और प्रोजेक्ट सिक्योरिटी आदि के मद में कंपनी के 32 करोड़ 76 लाख रुपये बकाया हैं। इसे देना न पड़े, इसलिए किसी के बहकावे में आकर वह ऐसा कर रहे हैं। इससे पूर्व उन्होंने भुगतान के लिए जो तीन चेक दिए हैं, वे तीनों बाउंस हो गए। इसके लिए मैं अब कानूनी कार्रवाई करूंगा।
उधर, विधायक विजय मिश्र ने कहा कि राजनीतिक विरोधी परिवार वालों को मिलाकर मेरी हत्या कराना चाहते हैं। क्योंकि उनकी मंशा भदोही पर कब्जा करने की है, जिसे कभी पूरा नहीं होने दिया जाएगा।
पिता की सारी संपत्ति की अकेली वारिस मैं : पुष्पलता
विधायक विजय मिश्र और उनके रिश्तेदार कृष्णमोहन तिवारी मामले में शनिवार को नया मोड़ आता दिखा। विधायक के खिलाफ संपत्ति पर कब्जा करने के प्रयास का आरोप लगाने वाले कृष्णमोहन की बहन पुष्पलता देवी उर्फ नीरजा ने गोपीगंज थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया कि कृष्णमोहन मेरे सगे भाई नहीं हैं।
मेरी मां ने पैदाइश के समय उन्हें पैसे देकर खरीदा था। वह औराई के एक परिवार के बेटे हैं। डीएनए जांच करा ली जाए तो स्पष्ट हो जाएगा। ऐसे में अपने पिता की संपत्ति की वह अकेली वारिस है। लेकिन, उसके कथित भाई ने मां को प्रभाव में लेकर काफी संपत्ति अपने नाम करवा ली।
दावा किया है कि वह कोलकाता के अस्पताल में अकेली पैदा हुई थी। उसकी मां ने उसी अस्पताल में जन्मे एक अन्य नवजात को गोद लेकर जुड़वा बच्चे पैदा होने की बात कही थी। उधर गोपीगंज कोतवाल कृष्णानंद राय ने कहा कि तहरीर मिली है। जांच कराने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।