ज्ञानपुर। जिले के 26 विभागों में बृहस्पतिवार को आयोजित जन संवाद दिवस में 235 असंतुष्ट शिकायतकर्ताओं में 167 को संतुष्ट किया गया। औराई की एक महिला की शिकायत के मामले में डीएम और एसपी ने एसडीएम और सीओ को जांच कर रिपोर्ट देने का निर्देश दिया। आईजीआरएस, मुख्यमंत्री संदर्भ पर आने वाली शिकायतों का निस्तारण सही ढंग से न होने पर शिकायकर्ता शासन स्तर पर शिकायत करते हैं। ऐसे लोगों को संतुष्ट करने के लिए डीएम के निर्देश पर बृहस्पतिवार को जन संवाद दिवस का आयोजन हुआ। विकास भवन, जल निगम, तहसीलों, ब्लॉकों, पुलिस कार्यालय, थाने सहित 26 विभागों की ओर से नामित अधिकारियों ने शिकायतों को सुना। असंतुष्टों से संवाद स्थापित किया। इस दौरान कुल 235 में 167 का निस्तारण हुआ। जिलाधिकारी गौरांग राठी और पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने किरन सोनकर पत्नी रामेश्वर सोनकर निवासी जयरामपुर को कलेक्ट्रेट बुलाया। उसके निवास संबंधी प्रकरण में एसडीएम औराई और सीओ को जांच सौंपी। डीएम ने कहा कि शिकायतों का निस्तारण शासन की प्राथमिकता में शामिल है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी। डीएम ने सभी विभागाध्यक्षों को सख्त निर्देश दिया कि किसी भी विभाग का कोई मामला डिफाल्टर सी श्रेणी, रीपिटेड न हो। ऐसा होने पर उनके खिलाफ शासन को पत्र लिखा जाएगा।