ज्ञानपुर/औराई। बृहस्पतिवार को सात बजे 1889 बूथों पर पर शुरू हुआ त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव समापन के निर्धारित समय सायं पांच बजे के बजाय एक घंटे विलंब से ही समाप्त हुआ। दोपहर बाद जिला पंचायत, ग्राम प्रधान, बीडीसी, ग्राम पंचायत सदस्य के प्रत्याशी समर्थकों ने फर्जी वोट डालने के सूचना पर औराई ब्लॉक के औरंगाबाद, मवैयाहरदोपट्टी में पुलिस ने लाठियां भांजकर लोगों को मतदान केंद्र के आसपास से खदेड़ा। यहां तक कि हवा उड़ी कि गोली चली है, जबकि ऐसा नहीं था। मामला यह रहा कि औरंगाबाद, मवैयाहरदोपट्टी गांव में बने बूथों पर समर्थक प्रत्याशियों को जीत दिलाने के लिए कुछ फर्जी वोट डालने की कोशिश करते असफल हो गए। सख्त हुई पुलिस के साथ तू-तू, मैं-मैं के बीच माहौल को बिगाड़ने के लिए ईंट-पत्थर भी चले। पुलिस ने लोगों को लाठी भांजकर खदेड़ दिया। ज्ञानपुर के केशवपुर-सरपतहां, काशिरामपुर-गोपीपुर में मनबढ़ों के कारनामों का विरोध करने से प्रत्याशियों को परिणाम भुगतना पड़ा। सुरियावां के कोछिया, देवरासपुर, सेवासदन इंटर कॉलेज मोढ़ बूथ पर फर्जी वोट का मामला सुर्खियों में आते ही पुलिस प्रशासन की सख्ती के आगे कोई टिक नहीं पाया। औराई के हुसैनीपुर, महाराजगंज, कंसापुर, भक्तापुर, बाबूसराय, अभोली के अर्जुनपुर, दानूपुर पूरबपट्टी, मऊरामशाला आदि बूथों पर मतदान छह बजे तक पूर्ण कराकर मतदान कार्मिकों ने मत पेटियों को अधिकारियों की उपस्थिति में सील कराया गया।