भदोहीः जमीन विवाद को लेकर तीन भाइयों के बीच खूनी संघर्ष, एक की मौत, दो गिरफ्तार
पैतृक जमीन को लेकर तीन भाइयों में काफी समय से विवाद चल रहा था। बुधवार रात भी इस विवाद को लेकर मारपीट हुई जिसमें मायाराम गौतम(55) की मौत हो गई।
विस्तार
भदोही के कोइरौना थाना क्षेत्र के भीखीपुर गांव में पैतृक भूमि को लेकर तीन भाइयों में विवाद हो गया। इस दौरान हुई मारपीट में एक भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया जा रहा था तभी रास्ते में मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में मृतक के पुत्र की तहरीर पर दो भाइयों सहित कुल चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। घटना के बाद दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया, जबकि दो फरार हैं।
मायाराम गौतम(55) पुत्र वंशराज गौतम से उनके दो अन्य भाइयों का जमीन को लेकर काफी समय से विवाद चल रहा है। बुधवार की रात करीब 11 बजे मायाराम गौतम घर पहुंचे। उसी समय बड़े भाइयों में हरिराम व दयाराम से विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ा कि मारपीट होने लगी।
मारपीट के दौरान किसी ने लाठी से वार कर दिया और मायाराम लहूलुहान होकर गिर पड़ा। गंभीर स्थिति में उसे रात में ही पास के अस्पताल ले जाया जा रहा था, लेकिन रास्ते में मौत हो गई। प्रभारी निरीक्षक खुर्शीद अंसारी ने बताया कि पंचनामा के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
मारपीट में मां-पुत्र घायल
सदर कोतवाली क्षेत्र के चकसिखारी गांव में बुधवार देर शाम भैंस चरने के विवाद में दो पक्षों में मारपीट हो गई। इसमें निर्मला देवी (35), हिमांशु (20) गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। तहरीर देकर निर्मला देवी के परिजनों ने आरोप लगाया है कि भैंस घास चरते समय पड़ोसी के खेत में चली गई थी।
इसी बात को लेकर कहासुनी कर ली जिसका विरोध करने पर निर्मला देवी और हिमांशु को मारपीट कर घायल कर दिया। प्रभारी निरीक्षक एसएन मिश्रा ने कहा कि पुलिस जांच कर रही है।