भदोही: महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री बोले- धर्म की राजनीति से किसी समाज का भला नहीं होगा
महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री डॉ. नीतिन राउत भदोही ब्लॉक के ग्राम मूंसीलाटपुर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र कुमार राय की माता के निधन पर चहकारी देने आए थे।
विस्तार
धर्म चाहे कोई भी हो सबको सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता होती है। धर्म की राजनीति से किसी भी समाज का भला नहीं होगा। इसलिए धर्म आधारित राजनीति को जनता नकार देगी। ये बातें गुरुवार को भदोही ब्लॉक के ग्राम मूंसीलाटपुर में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीरेंद्र कुमार राय की माता के निधन पर चहकारी देने आए महाराष्ट्र के कैबिनेट मंत्री डॉ. नीतिन राउत ने पत्रकारों से कहीं।
उन्होंने कहा कि यह तो हम लोगों ने देख लिया है कि यूपी सरकार और केंद्र सरकार के एजेंडे में विकास नहीं बस धर्म की राजनीति है। उन्हें लगता है कि धर्म की राजनीति ही चुनाव में बेड़ा पार लगाएगी। लेकिन उन्हें नहीं पता कि यह क्षणिक होता है। अब जनता रोजगार, भ्रष्टाचार मुक्त समाज मांग रही है। उसे चलने के लिए सड़क चाहिए।
उप्र सरकार का ध्यान अपनी सड़कों की ओर नहीं है। महिलाओं की सुरक्षा या बढ़ती महंगाई की ओर नहीं है। यह उसे आगामी विधान सभा चुनाव में जमीन पर ला पटकेगी। उन्होंने भदोही और मिर्जापुर के पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ संगठन को लेकर चर्चा भी की। इस दौरान कार्यकर्ताओं से पार्टी संगठन की मजबूती के लिए काम करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा जनता भाजपा सरकार की गलत नीतियों से तंग आ चुकी है ऐसे में थोड़ी सी मेहनत कामयाबी दिला सकती है। इस मौके पर प्रमुख कालीन निर्यातक यादवेंद्र कुमार राय, जिला कांग्रेस अध्यक्ष अब्दुल माबूद खां, भगवती चौधरी, बृजेंद्र राय आदि मौजूद रहे। उनके साथ उप्र कांग्रेस अनुसूचित जाति (पश्चिमी) के चेयरमैन तनुज पुनिया भी थे।