भदोही: भाई-भाभी को चाकू से गोद कर मारने वाला आरोपी गिरफ्तार, बताया- क्यों दिया वारदात को अंजाम
भदोही के कसाई टोला (जमुंद) में रविवार की शाम एक व्यक्ति ने अपने भाई और भाभी को चाकू से गोद कर मारा डाला। घटना के 24 घंटे के अंदर ही पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया। वह भागने की फिराक में था। वारदात की पीछे की वजह आरोपी ने पुलिस को बताई है।
विस्तार
भदोही के कसाई टोला (जमुंद) में रविवार की शाम चाकू से गोद कर भाई और भाभी की हत्या को अंजाम देने के आरोपी नौशाद को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त रक्तरंजित (आला कत्ल) चाकू भी बरामद कर लिया है।
भदोही एसपी राम बदन सिंह ने कोतवाली में प्रेस वार्ता कर बताया कि पारिवारिक विवाद में नौशाद कुरैशी पुत्र कुद्दूस कुरैशी ने रविवार को अपने सगे भाई जमील कुरैशी और भाभी रूबी की चाकू से गोद कर हत्या कर दी थी। उसने नौ माह के भतीजे मो.अली को भी नहीं छोड़ा और उस पर भी कई वार किए लेकिन फिलहाल वह एक निजी अस्पताल में उपचाराधीन है। उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
एसपी ने बताया दिनदहाड़े हुए दोहरे हत्याकांड को गंभीरता से लेते हुए तत्काल अलग-अलग टीमें बनाकर अभियुक्त की गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे। अपर पुलिस अधीक्षक और पुलिस उपाधीक्षक प्रयांक जैन के नेतृत्व में क्राइम ब्रांच व कोतवाली भदोही की संयुक्त टीम 24 घंटे के अंदर ही आरोपी को गिरफ्तार करने में सफल हो गई।
बकौल पुलिस नौशाद भदोही से भागने की फिराक में इंदिरा मिल चौराहे पर पहुंचा था जिसकी मुखबिर से सूचना मिलने पर उसे धर दबोचा गया। साथ ही अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त आला कत्ल भी बरामद हो गया।
एसपी ने गिरफ्तार करने वाली टीम विनोद दूबे स्वॉट प्रभारी, कोतवाल विजय प्रताप सिंह, कोतवाली निरीक्षक सीके पूरी, उपनिरीक्षक प्रवीण ओझा, सर्वेश राय, तुफैल अहमद, नरेंद्र सिंह, नागेंद्र यादव, दीपक, सुनील कनौजिया व लक सुभाष सिंह के कार्य से प्रसन्न होकर नगद पुरस्कार की घोषणा की।
हत्या का कारण पारिवारिक विवाद
मुख्य अभियुक्त की गिरफ्तारी के बाद अब यह साफ हो गया है कि हत्या के पीछे की वजह पारिवारिक कलह थी। बकौल पुलिस अधीक्षक अभियुक्त नौशाद ने कुबूल किया कि विगत दो वर्षों से उसका और उसके भाई जमील से आए दिन किसी न किसी बात को लेकर विवाद होता रहता था।
घटना वाले दिन भी विवाद हुआ और जब कहासुनी और विवाद काफी बढ़ गया तो उसने अपना आपा खो बैठा और घर में ही रखे चाकू से अपने भाई पर एक के बाद कई वार किए। अभी वह भाई पर हमला कर ही रहा था तो भाभी के बीच में आने पर उसने गुस्से में भाभी और उनकी गोद में 9 वर्ष के मो.अली पर भी चाकू से हमला कर दिया। कहा जा रहा है कि घर में मांस की दुकान होना तथा विवाद होते ही नौशाद के सर पर खून सवार होना ही हत्या का मुख्य कारण बन गया।