उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के द्विवार्षिक निर्वाचन-2026 के लिए मतदान 23 अक्तूबर को होगा। जिले में मतदान संपन्न कराने के लिए मतदेय स्थलों का चयन कर लिया गया है। शिक्षक एमएलसी के मतदान के लिए पांच तो स्नातक एमएलसी के मतदान के लिए 15 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।
भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली द्वारा उत्तर प्रदेश विधान परिषद के वाराणसी खंड स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन 2026 के लिए जनपद भदोही से भेजे गए मतदान केंद्रों प्रस्तावों को अनुमोदित कर दिया गया है। जिला निर्वाचन अधिकारी, शैलेष कुमार ने बताया कि स्नातक एमएलसी निर्वाचन लिए खंड विकास अधिकारी कार्यालय अभोली, सुरियावां, भदोही, औराई, डीघ एवं नगर पालिका परिषद कार्यालय गोपीगंज और तहसील कार्यालय ज्ञानपुर में 15 मतदान स्थल निर्धारित किए गए हैं। इसी तरह शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए मतदान स्थल खंड विकास अधिकारी कार्यालय सुरियावां, भदोही, औराई एवं डीघ तथा नपा कार्यालय गोपीगंज में बनाया गया हैं। अपर जिलाधिकारी/उप जिला निर्वाचन अधिकारी, भदोही शुभांगी शुक्ला ने बताया कि निर्धारित सभी मतदान स्थलों पर मतदान सकुशल व शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके, सुरक्षा व्यवस्था से लेकर प्रकाश, पेयजल व निर्वाचन संबंधी समस्त तैयारी कराई जा रही है।