भदोही में झारखंड पुलिस का छापा, तीन गिरफ्तार, जानें क्या है मामला
झारखंड पुलिस ने शुक्रवार को भदोही जिले के ऊंज थाना क्षेत्र के सूफीनगर-गोधना गांव के पास छापा मारकर कर सत्येंद्र मिश्रा हत्याकांड के मुख्य आरोपी समेत तीन लोगों को गिरफ्तार कर अपने साथ ले गई। चर्चा है कि मृतक के परिवार के एक सदस्य समेत कई ऐसे चेहरे सामने आ सकते हैं जो चौंकाने वाला भी हो सकते है।
कौलापुर निवासी सत्येंद्र मिश्रा (35) ज्ञानपुर के पुरानी बाजार में रहता था। जिनकी जानपहचान बिहारी राजगीर मकसूद से हो गई और मकसूद सत्येंद्र से उधारी के रुप में लाखों रुपये लेकर कामकाज चला रहा था।
पुलिस के अनुसार 25 अगस्त को मकसूद चार पहिया वाहन बुक कर सत्येंद्र को अपने घर राजधनवार-झारखंड घूमने की बात कहकर साथ लेकर चल दिया। 30 अगस्त को राजगीर ने लाखों रुपये उधार न चुकाने के लिए सत्येंद्र की गला रेत कर हत्या कर दी और दो हिस्से में बंटे धड़ को अलग-अलग स्थानों पर फेंक दिया।
झारखंड पुलिस ने पहले धड़ और बाद में सिर को बरामद कर जांच शुरू कर दी। शक के दायरे में आए मकसूद समेत दो लोगों को राजधनवार से ही हिरासत में लेकर शिकंजा कसने पर हत्याकांड का राजफाश होने लगा।
निशानदेही पर शुक्रवार की सुबह सूफीनगर-गोधना गांव पहुंची पुलिस ने पड़ोसी गांव सागररायपुर से दो और लोगों को गिरफ्तार कर साथ ले गई। गिरफ्तार लोगों से मिली जानकारी पर झारखंड पुलिस मृतक के परिवार के ही एक सदस्य से चल रहे जमीन विवाद को भी प्रकरण से जोड़कर जांच शुरू कर दिया है लेकिन गोपीगंज कोतवाली पुलिस प्रकरण में गिरफ्तार दो अन्य लोगों की जानकारी देने से अंत तक इनकार करती रही।