{"_id":"68d0509c7248df0ac6022bfc","slug":"five-notorious-thieves-arrested-liquor-worth-rs-236-lakh-recovered-bhadohi-news-c-191-1-gyn1003-132174-2025-09-22","type":"story","status":"publish","title_hn":"Bhadohi News: पांच शातिर चोर गिरफ्तार, 2.36 लाख की शराब बरामद","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Bhadohi News: पांच शातिर चोर गिरफ्तार, 2.36 लाख की शराब बरामद
विज्ञापन
चौरी (भदोही)। थाने की पुलिस ने शनिवार की देर रात में कंधिया फाटक के पास से पांच शातिर चोरों को शराब की भारी खेप के साथ गिरफ्तार किया। उनके पास से पिकअप में रखी गई चोरी की 28 पेटी शराब-बीयर और नकदी बरामद की गई। शराब और बीयर की अनुमानित कीमत दो लाख 36 हजार बताई गई है। पूछताछ के बाद आरोपियों को जेल भेज दिया गया। ज्ञानपुर के नारायण कॉलोनी निवासी नरेंद्र नाथ पांडेय ने 10 सितंबर को चौरी थाने में तहरीर दी कि नौ सितंबर की रात में अमवां कला स्थित कंपोजिट शराब और बीयर की दुकान में चोरी हो गई। चोरों ने ताला तोड़कर 44 पेटी बीयर एवं 32 पेटी अंग्रेजी शराब के साथ काउंटर से नकदी और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे का डीवीआर उठा ले गए। पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू की। शनिवार की रात में उप निरीक्षक राजेंद्र प्रसाद ओझा के नेतृत्व में पुलिस टीम कंधिया फाटक के पास रात्रि गश्त कर रही थी। उसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली की अमवा कला में चोरी की घटना को अंजाम देने वाले आरोपी उसे बेचने के लिए कछुआ बोझ की तरफ जा रहे हैं। पुलिस ने संदिग्ध पिकअप वाहन को रोका तो उसमें बैठे युवक भागने का प्रयास करने लगे। पुलिस ने पांच युवकों को पकड़ लिया। इनमें संजय पाल निवासी डुढ़वा धर्मपुर, सनी पाल निवासी कल्लीपुर मिर्जामुराद वाराणसी, अमन कुमार यादव निवासी बरमोहनी भदोही, सोहन यादव निवासी पिपरिस अधारपुर और आलोक पाल निवासी सिंधौरवा जंसा वाराणसी शामिल थे। सभी के पास से पुलिस ने 26 हजार रुपये नकद बरामद किया। पिकअप से 18 पेटी अंग्रेजी शराब और 10 पेटी बीयर बरामद की गई। दोनों की अनुमानित कीमत दो लाख 36 हजार बताई गई। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन लोगों ने दया सरोज नामक साथी के साथ मिलकर अमवा कला की दुकान में चोरी की थी। 44 पेटी बीयर और 32 पेटी अंग्रेजी शराब चुराने के साथ ही पांच हजार की नकदी और सीसीटीवी का डीबीआर चुरा ले गए थे। कुछ लोगों से बीयर और अंग्रेजी शराब को बेचने के लिए संपर्क किया लेकिन किसी ने नहीं लिया। इसके कारण शराब को सनी पाल के घर पर छुपाकर रखा था। अब बेचने की तैयारी में थे। अपर पुलिस अधीक्षक शुभम अग्रवाल ने बताया कि पांचों चोरों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। उसके साथी दया सरोज की तलाश के लिए टीम लगाई गई है।
विज्ञापन