ज्ञानपुर। जिले में बृहस्पतिवार को करीब 45 मिनट की झमाझम बारिश के बाद भी उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिली। पूरे दिन गर्मी से लोग हलकान रहे। स्थिति यह रही कि आसमान में काले बादल छाए रहे, लेकिन लोग पसीने से भीगते रहे। दोपहर करीब तीन बजे 45 मिनट तक अच्छी बारिश हुई। मौसम विभाग के अनुसार पूरे जिले में 8 एमएम बरसात हुई। बादलों के कारण तापमान में करीब एक डिग्री गिरावट रही। अधिकतम तापमान 35 डिग्री रहा। बीते तीन दिनों से बारिश न होने से एक तरफ उमस तो दूसरी तरफ धूप ने लोगों को परेशान किया था, लेकिन बृहस्पतिवार को सुबह से ही बादलों का असर बना रहा। बादलों के कारण मौसम सुहाना होने की बजाय गर्मी से भरा रहा। दिनभर लोगों को धूप ने तो नहीं सताया, लेकिन लोग पसीने से तरबतर होते रहे।
शाम करीब तीन बजे के आसपास करीब 45 मिनट तक ज्ञानपुर, भदोही, गोपीगंज, सुरियावां समेत कई इलाकों में बारिश हुई। बारिश के दौरान तो गर्मी से कुछ राहत दिखा, लेकिन बारिश बंद होते ही फिर से उमस ने अपना असर दिखाना शुरू कर दिया। अधिकतम तापमान में एक डिग्री गिरकर 35 डिग्री पहुंचा। वहीं न्यूनतम तापमान 27 डिग्री पर स्थिर रहा। कृषि विज्ञान केन्द्र बेजवां के प्रभारी डॉ. अजीत चतुर्वेदी ने बताया कि अलनीनो के प्रभाव से बारिश कम हो रही है। पछुआ हवाएं सक्रिय होती हैं तो अच्छी बारिश की संभावना बन सकती है। बताया कि कुल आठ एमएम बारिश हुई।