ज्ञानपुर। जिलाधिकारी शैलेश कुमार की अध्यक्षता में शनिवार को कलेक्ट्रेट सभागार में पूर्वांचल विकास निधि, क्रिटिकल गैप योजना, त्वरित आर्थिक विकास योजना समेत निर्माणाधीन 50 परियोजनाओं की समीक्षा की। डीएम ने हेल्थ यूनिट लैब दुर्गागंज और गोपीगंज के भवन निर्माण में दोयम दर्जे के ईंट का प्रयोग करने पर नाराजगी जताई। कार्यदायी संस्था के खिलाफ कार्रवाई के लिए शासन को पत्र लिखा। डीएम ने गठित समिति की रिपोर्ट के आधार पर अधूरे कार्य को जल्द पूर्ण कराने का निर्देश दिया।
समिति ने आख्या दी कि उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट्स कॉरपोरेशन लिमिटेड की ओर से जहां-जहां भी कार्य किया जा रहा है वहां पर दोयम दर्जे की ईंट प्रयोग किया जा रहा है। महाराजा चेतसिंह जिला चिकित्सालय में अग्नि सुरक्षा व्यवस्था के कार्य के लिए अग्निशमन अधिकारी, सीएमएस, सहायक अभियंता आरईडी की टीम गठित कर जल्द ही सत्यापन का निर्देश दिया। जिला इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब के स्थापना कार्य में विलंब होने पर डीएम ने सीएमओ को कार्य तेजी से करने का निर्देश दिया। राजकीय पॉलिटेक्निक के निर्माण कार्य सहित अन्य निर्माण कार्यों में उत्तर प्रदेश राजकीय निर्माण निगम सोनभद्र ईकाई द्वारा कार्य विलंब से किए जाने पर डीएम ने नाराजगी जताई। कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय औराई गिर्दबड़गांव और सागररायपुर के बाउंड्री वॉल के निर्माण को सही ढंग से करने की हिदायत दी। प्रोजेक्ट अलंकार योजना में वीएनजीआईसी ज्ञानपुर में निर्माणाधीन शौचालय, प्रयोगशाला, मल्टीपरपज हॉल एवं पुस्तकालय निर्माण में कार्रवाई संस्था सीएलडीएफ की ओर से शिथिलता बरतने पर नाराजगी जताई। इस मौके पर सीडीओ डॉ. शिवाकांत द्विवेदी, सीएमओ डॉ. संतोष कुमार चक, एसडीएम शिव प्रकाश यादव, श्याममणि त्रिपाठी आदि रहे।