UP: साइबर ठगी की साजिश...चकरा गई भदोही पुलिस, डीएम की डीपी और वियतनाम का नंबर; जानें पूरा मामला
Cyber Crime UP: उत्तर प्रदेश के भदोही जिले की पुलिस साइबर ठगों का कारनामा देख हैरान रह गई। शातिरों ने जिलाधिकारी की फोटो और वियतनाम के नंबर का इस्तेमाल कर ठगी की साजिश की थी। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
विस्तार
Bhadohi News: साइबर ठगों ने वाट्सएप डीपी में भदोही के जिलाधिकारी शैलेष कुमार की फोटो लगाकर लोगों से संपर्क करना शुरू कर दिया। इससे प्रशासनिक अमले में खलबली मच गई। एसपी ने मामले की जांच साइबर सेल को सौंप दिया। नंबर वियतनाम का बताया जा रहा है। डीएम ने लोगों से सतर्क रहने की अपील किया।
बीते शुक्रवार को साइबर ठगों ने इंटरनेशनल मोबाइल नंबर 84-362607763 का उपयोग करते हुए जिलाधिकारी शैलेष कुमार का नाम और प्रोफाइल फोटो (डीपी) लगाकर व्हाट्सएप मैसेज एवं कॉल के माध्यम से लोगों से संपर्क किया गया। कुछ लोगों ने इसकी जानकारी जिलाधिकारी को दी तो वह परेशान हो गए।
मामले की खबर एसपी को लगी तो उन्होंने साइबर सेल को जांच सौंप दिया। डीएम शैलेष कुमार ने लोगों से अपील किया कि इस प्रकार के फर्जी, फेक कॉल और मैसेज से पूर्णतः सतर्क रहें। यदि किसी नागरिक को इस प्रकार का कोई कॉल या मैसेज प्राप्त होता है तो तत्काल पुलिस को सूचना दें।
जांच कर होगी कार्रवाई
एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने कहा कि यह नंबर वियतनाम है। साइबर सेल को जांच सौंपी गई है। उन्होंने बताया कि आजकल साइबर अपराध के मामले बढ़ते जा रहे हैं। ऐसे में पुलिस भी सक्रियता से अपराधियों को सलाखों के पीछे भेज रही है। जनता को भी चाहिए कि सोशल मीडिया का इस्तेमाल जरूरी ताैर पर ही करें। साइबर अपराधी रोज नए-नए हथकंडे अपनाकर लोगों को फांस रहे हैं।
खासताैर से महिलाएं इसकी ज्यादा शिकार हो रही हैं। एसपी ने बताया कि अनर्गल एप डाउनलोड न करें। स्पैम काॅल को नजरअंदाज कर दें। किसी भी नंबर पर शक होने होते ही इसकी सूचना तत्काल साइबर पुलिस को दें। ऐसे मामलों में पुलिस भरपूर तरीके से आपके साथ खड़ी मिलेगी।