ज्ञानपुर। सेमराध माघ मेला एवं कल्पवास की तैयारी के लिए मंगलवार को डीएम शैलेष कुमार और एसपी अभिमन्यु मांगलिक ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में अधिकारियों और मेला समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें मेले को शांतिपूर्वक संपन्न कराने पर जोर दिया गया। डीएम ने सीएमओ को निर्देश दिया कि मेला क्षेत्र में आने वाले श्रद्धालुओं और कल्पवासियों की सुविधा के लिए सेमराध प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पर जरूरी दवाएं उपलब्ध करा दें। एक मोबाइल टीम 24 घंटे वहां तैनात कर दें। रोस्टर वाइज एंबुलेंस और डाॅक्टरों की टीम की तैनाती की जाए। अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत से स्नान के बाद महिलाओं के कपड़े बदलने के लिए अस्थायी चेंजिंग रूम बनवाने का निर्देश दिया। वन विभाग से अलाव की सुविधा के लिए लकड़ी और लोक निर्माण विभाग के एक्सईएन को रेत में चकरप्लेट लगाने को कहा। अस्थायी शौचालय का निर्माण, लाइट, पानी का टैंकर और मेले की सफाई के लिए ईओ गोपीगंज को जिम्मेदारी दी। उन्होंने सुरक्षा के दृष्टिगत मेले में पर्याप्त पुलिस बल, बैरिकेडिंग, जल पुलिस, नाविक, गोताखोर, महिला पुलिस की व्यवस्था करने पर बल दिया। डीएम ने सभी विभागों को हर हाल में 20 दिसंबर तक सुविधाएं मुहैया कराने का निर्देश दिया। इस मौके पर मेला समिति के अध्यक्ष रामबली सिंह, सीडीओ बाल गोविंद शुक्ला, एसडीएम भान सिंह आदि रहे।