वहीदानगर। बिजली विभाग लापरवाही आम उपभोक्ताओं पर भारी पड़ रही है। डीघ के मझगवां और नीबिहां गांव में करीब 15 उपभोक्ताओं को बिना कनेक्शन ही बिल आ गया। इसको लेकर नाराज ग्रामीणों ने शनिवार को विभाग के खिलाफ प्रदर्शन कर विरोध जताया। अविलंब सुधार न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
निबिहा गांव निवासी जीत नारायण यादव ने कहा कि उनके घर में बिजली कनेक्शन नहीं है। शनिवार को 3200 रुपये का बिजली बिल विभाग ने भेज दिया। इसी तरह गांव के रामकुमार, जगदीश, जयनरेश के घर भी बिना कनेक्शन के बिल भेज दिया गया। इसकी शिकायत जब उपकेंद्र के कर्मचारियों से की गई तो कोई सुनवाई नहीं हुई। ग्रामीणों ने कहा कि बिजली विभाग की मनमानी से आम आदमी परेशान है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में बबन मिश्रा, ओम प्रकाश सेठ, बबलू शंकर यादव, विवेक पांडे, राधेश्याम यादव, रामनारायण भारतीय, बृजलाल, सर्वेश कुमार यादव, बसीर अहमद आदि लोग रहे। वहीं दूसरी ओर अधिशासी अभियंता मनोज कुमार सिंह ने कहा कि बिना कनेक्शन बिल नहीं आना चाहिए। अगर किसी उपभोक्ता का बिल आया होगा तो उसे सही कराया जाएगा। संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।