ज्ञानपुर। सीएम डैश बोर्ड की जुलाई माह की रैंकिंग में भदोही प्रदेश के टॉप-20 जिलों में शामिल हुआ है। उसे 16वीं रैंक मिली है। जिले को मई में 22वीं और जून में 21वीं रैंक मिली थी। जुलाई में पांच रैंक का सुधार हुआ। शासन की विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यक्रमों का 88 बिंदुओं पर मूल्यांकन के बाद जिले को यह रैंक प्राप्त हुई है। पूर्वांचल के चार जिलों में बलिया को 11वीं, सोनभद्र 12वीं और मऊ को 14वीं रैंक मिली।
सरकार की महत्वपूर्ण और महत्वाकांक्षी परियोजनाओं की ऑनलाइन माॅनीटरिंग सीएम डैशबोर्ड के माध्यम से की जाती है। मूल्यांकन में मुख्य रूप से राजस्व, विकास, खाद्य रसद, भूतत्व एवं खनिकर्म, नगर विकास, आबकारी, स्टांप, चिकित्सा स्वास्थ्य, ग्राम्य विकास, समाज कल्याण, पशुधन, शिक्षा आदि विभाग शामिल हैं। इन्हीं की योजनाओं को आधार बनाया गया है। कुल 88 बिंदुओं पर मूल्यांकन के बाद जुलाई की रैंकिंग जारी की गई है। इसमें जिले को 16वीं रैंक मिली है। जिले को 10 नंबर के पूर्णांक में 9.35 अंक प्राप्त हुए हैं। इस सूची में शीर्ष पर बरेली है। उसे 9.70 अंक मिले हैं। बरेली के बाद बिजनौर, झांसी और अंबेडकरनगर आदि जिले शामिल हैं। जिला अर्थ एवं संख्या अधिकारी शशिकांत ने बताया कि जिलाधिकारी के मार्गदर्शन में विभागीय अधिकारियों ने बेहतर कार्य किया है। इससे रैंक में सुधार हुआ है। आगामी महीनों में प्रयास रहेगा कि पहली रैंक मिले।