भदोहीः विधायक विजय मिश्र की बहू ने पुलिस से लगाई गुहार, कहा- बर्बाद करने की मिल रही थी धमकी
आगरा जेल में बंद बाहुबली विधायक विजय मिश्र की मुश्किलें बढ़ती ही जा रही हैं। कई मामलों में आरोपी विधायक के खिलाफ अब उनकी बहू ही पुलिस के पास पहुंची हैं।
विस्तार
भदोही जिले के ज्ञानपुर से विधायक विजय मिश्र की बहू पुष्पलता मिश्रा ने बृहस्पतिवार को एसपी से मिलकर गुहार लगाई। आरोप लगाया कि उनके भाई कृष्णमोहन तिवारी पूरे परिवार को फर्जी मुकदमा दर्ज कराकर बर्बाद करने की धमकी दे रहे हैं। घर से जबरिया निकाल रहे हैं।
गोपीगंज कोतवाली क्षेत्र के कौलापुर निवासी कृष्णमोहन तिवारी ने 19 वाहनों को हड़पने के आरोप में विधायक और उनकी अधिवक्ता पुत्री रीमा पांडेय, सीमा मिश्रा, विकास और प्रकाश मिश्रा सहित सात लोगों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। इसी को लेकर कृष्णमोहन तिवारी की बहन एवं विधायक की बहू लगने वाली पुष्पलता मिश्रा एसपी से मिलकर शिकायत दर्ज कराईं हैं।
आरोप लगाया कि कृष्णमोहन आए दिन फर्जी मुकदमा में फंसाने की धमकी देते रहते हैं। पूरे परिवार को बर्बाद करने की धमकी दी जाती है। वह पिता के समय से ही मकान में रह रही है। जबरिया बेदखल करना चाह रहे हैं। आरोप लगाया कि अभी उनके पुत्र को फर्जी तरीके से दुष्कर्म के मामले में फंसाया गया था।
अभी वह छूटकर आया है कि फिर बेटे और पति पर फर्जी मुकदमा दर्ज करा दिया गया। बताया कि कृष्णमोहन तिवारी और उनके लड़के मुकदमा वापस करने का दबाव बना रहे हैं। इस मामले में एसपी रामबदन सिंह ने कहा कि शिकायत मिली है, मामले की जांच कराई जाएगी।
विजय मिश्र समेत सात पर दर्ज जालसाजी का केस
विधायक विजय मिश्र व उनकी अधिवक्ता पुत्री रीमा पांडेय, सीमा मिश्रा, भतीजे प्रकाश चंद्र मिश्रा, विकास मिश्रा, कर्मचारी गिरधारी प्रसाद पाठक, हनुमान सेवक पांडेय के खिलाफ विधायक के रिश्तेदार ने जालसाजी का मुकदमा दर्ज कराया है।
ज्ञानपुर विधायक के रिश्तेदार कृष्णमोहन तिवारी ने आरोप लगाया है कि विजय मिश्रा व उनकी बेटी समेत अन्य लोगों ने उनके नाम की दर्जनों गाड़ियों को हड़प लिया है। उन लोगों के द्वारा जबरिया वाहनों का उपयोग किया जा रहा है। इसको संज्ञान में लेते हुए गोपीगंज पुलिस ने विधायक सहित सात लोगों पर मुकदमा दर्ज किया। अभी 15 दिन पूर्व विधायक के दो मुकदमों में चार्जशीट लगी थी।
बता दें कि कृष्णमोहन तिवारी ने ही चार अगस्त 2020 को गोपीगंज कोतवाली में भवन और फर्म भी हड़पने के आरोप में विजय मिश्रा, एमएलसी एवं विधायक की पत्नी रामलली मिश्रा और पुत्र विष्णु मिश्रा के खिलाफ केस दर्ज कराया था। इस आरोप में 14 अगस्त को विधायक को गिरफ्तार किया गया था। वर्तमान में ज्ञानपुर विधायक आगरा केंद्रीय जेल में निरुद्ध हैं, जबकि विधायक का पुत्र फरार है।