चुनाव से पूर्व कालीन नगरी में शिक्षक दिवस के दिन आ रहे सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव शिक्षकों को सम्मानित करने के बहाने पूर्वांचल में सियासी जमीन साधेंगे। अधिवेशन में पूर्वांचल और प्रयागराज के जिलों के प्रबुद्ध वर्ग को भी संबोधित करेंगे। टिकट के दावेदार इस दौरान शक्ति प्रदर्शन भी करेंगे। पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव अधिवेशन के बहाने पूर्वांचल के प्रबुद्ध वर्ग को साधने की कोशिश करेंगे। क्योंकि शिक्षक सबसे प्रबुद्ध और समाज का आइना होता है। अखिलेश यादव यह सोचते होंगे कि पूर्वांचल में शिक्षकों का अगर एक बड़ा वर्ग समाजवादी पार्टी से जुड़ता है तो इसका सीधा लाभ आगामी विधानसभा चुनाव में होगा। इनारगांव में शिक्षकों को सम्मानित करने के साथ दिव्यांग विश्वविद्यालय चित्रकूट के पूर्व कुलपति डॉ. बी पांडेय की पत्नी दिवंगत विमला देवी की प्रतिमा का भी अनावरण करेंगे। इसी बहाने वह ब्राह्मणों को भी साधने का काम करेंगे। अधिवेशन मिर्जापुर मंडल के भदोही में आयोजित हो रही है। मिर्जापुर में तीन जनपद मिर्जापुर, सोनभद्र और भदोही है। इसके साथ ही पूर्वांचल के वाराणसी, गाजीपुर, जौनपुर, मऊ, आजमगढ़, बलिया और चंदौली जैसे जनपदों से भी काफी संख्या में समाजवादी कार्यकर्ता यहां आएंगे। समाजवादी पार्टी की तरफ से प्रदेश भर के शिक्षकों को आमंत्रित किया गया है। इस लिहाज से काफी तादात में समाजवादी विचारधारा से जुड़े शिक्षक के यहां आ सकते हैं।