ज्ञानपुर। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना में 10 जून को 150 जोड़ों की शादी होगी। इसके लिए 51 हजार प्रति जोड़ों की दर से 76.50 लाख का बजट आवंटित हो गया है। पहले 28 मई और 10 जून को शादी की तिथि निर्धारित की गई थी, लेकिन जरूरी सामानों की खरीदारी होने में देरी के कारण बदलाव किया गया। गरीब परिवार की कन्याओं की शादी में किसी तरह की दिक्कत न आने पाए और शादी सकुशल संपन्न हो सके, इसके लिए शासन स्तर से मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना की शुरूआत की गई है। इसमें शासन की ओर से 51 हजार रुपये राहत राशि देने का प्रावधान किया गया है। 35 हजार रुपये लड़की के खाते में भेजा जाता है, जबकि 10 हजार का सामान दिया जाएगा। इसके साथ ही छह हजार रुपये से टेंट, भोजन आदि का भुगतान किया जाता है। मांगलिक सीजन की शुरूआत हो गई है। आधे अप्रैल के बाद से ही शादी के आयोजन भी चल रहे हैं। नए वित्तीय वर्ष के शुरूआत में शासन ने बजट आवंटन करते हुए 28 और 10 जून के मध्य तिथि का निर्धारण कर आयोजन कराने का निर्देश दिया। समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र यादव ने बताया कि 150 जोड़ों की शादी संपन्न कराने के लिए 51 हजार रुपये की दर से 76.50 लाख रुपये आवंटित किया गया है। पूर्व में दो तिथियों पर शादी कराने की तैयारी की गई थी, लेकिन अब 10 जून को समारोह का आयोजन किया जाएगा। जिला समाज कल्याण अधिकारी महेंद्र यादव ने बताया कि सामूहिक विवाह योजना के तहत भदोही ब्लॉक को 23 लाभार्थियों का चयन करने का लक्ष्य दिया गया है। जबकि अन्य पांच ब्लॉक ज्ञानपुर, डीघ, औराई, सुरियावां व अभोली को 24-24 जोड़ों और सभी नगर पालिका व पंचायतों को एक-एक जोड़े का चयन करने का लक्ष्य दिया गया है। साथ ही सभी खंड विकास अधिकारियों व अधिशासी अधिकारियों को पात्र लाभार्थियों का चयन कर सूची उपलब्ध कराने का निर्देश दिया गया है।