ज्ञानपुर। जिले के सात नगर निकायों में प्रधानमंत्री आवास योजना में आवेदन करने वाले 2969 अपात्र मिले हैं। डूडा कार्यालय से सभी को नोटिस भेजकर एक सप्ताह में अपना पक्ष रखने का निर्देश दिया गया। सात दिन में पक्ष न रखने पर सभी के आवेदन को निरस्त कर दिया जाएगा। शहरी गरीबों को पक्का छत मुहैया कराने के लिए केंद्र सरकार प्रधानमंत्री आवास योजना को लागू किया है। उक्त योजना में जिले के ज्ञानपुर, भदोही, खमरिया, सुरियावां, नई बाजार, घोसिया और गोपीगंज में करीब पांच साल में 28 हजार लोगों ने आवास के लिए आवेदन किया। जिसमें 20 हजार आवेदन स्वीकृत हो चुके हैं। सात हजार से अधिक आवास पूर्ण हो चुके हैं जबकि 12 से 13 हजार निर्माणाधीन है। वर्ष 2020 और 2021 में आने वाले आवेदनों की जियो टैगिंग की गई तो करीब तीन हजार मानक पूर्ण करते नहीं मिले। डूडा अधिकारी शशि कुमार मेहरोत्रा ने बताया कि अपात्र मिलने वाले आवेदकों को नोटिस भेजकर सात दिन में पक्ष रखने के लिए कहा गया है। उन्होंने बताया कि पहले चरण में भदोही में 241 और 514, गोपीगंज में 142, ज्ञानपुर में 130, नई बाजार में 85, सुरियावां में 92, खमरिया में 283 अपात्र मिले। इसी तरह दूसरे चरण में भदोही में 264, घोसिया में 58, गोपीगंज में 65, खमरिया में 97, नई बाजार में 16, गोपीगंज में 50, ज्ञानपुर में 62, सुरियावां में 109 अपात्र मिले। तीसरे चरण में भदोही में 77, घोसिया में 30, खमरिया में 59, घोसिया में 34, गोपीगंज में 154 सहित कुल 2969 अपात्र मिले।