बस्ती। शहीद सत्यवान सिंह स्पोर्ट्स स्टेडियम में मंगलवार को खो-खो, हैंडबॉल और कबड्डी खेल का आयोजन किया गया और इसी के साथ तीन दिवसीय वशिष्ठ महोत्सव का आगाज भी हुआ। राज्य स्तरीय बालक-बालिका खिलाड़ियों ने दमखम दिखाया। विजेता को सम्मानित कर हौसला बढ़ाया गया।
महोत्सव का उद्घाटन गोसेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ल ने किया। कहा कि वशिष्ठ महोत्सव मनाया जाना गौरव की बात है। आयोजक राना दिनेश प्रताप सिंह की सराहना की। कहा कि ऐसे आयोजन से युवाओं को प्रतिभा निखारने का अवसर मिलता है। राना दिनेश प्रताप सिंह ने अतिथियों और खिलाड़ियों का स्वागत करते हुए बताया कि प्रदेश के 51 जनपदों से 80 टीमें राज्य खो-खो प्रतियोगिता में हिस्सा ले रही हैं। बस्ती जनपद के हैंडबॉल, वालीबॉल और कबड्डी से 35 टीमें प्रतिभाग की हैं। उद्घाटन मैच में खो-खो बालिका वर्ग में वाराणसी और श्रावस्ती के बीच खेला गया जिसमें वाराणसी 08-01 से विजेता रही। इसी संवर्ग में दूसरा मैच गोरखपुर ने देवरिया को 05-04 से हराकर विजेता बनी। बालक संवर्ग में पहला मैच जौनपुर और अमरोहा के बीच खेला गया जो रोमांचक मुकाबले में टाई घोषित किया गया। कबड्डी प्रतियोगिता के बालक संवर्ग में कप्तानगंज की टीम ने बीआरएस एकेडमी गढ़हा गौतम को 20-18 के मुकाबले कराकर जीत दर्ज की। बालिका संवर्ग के दूसरे मैच में बस्ती टाइगर ने कोटवा भरतपुर को कराकर 09-07 से विजेता बनी। बालिका संवर्ग में बीआरएस एकेडमी ने कप्तानगंज को 18-15 से हराया। बालिका संवर्ग में हैंडबॉल प्रतियोगिता के पहले मैच में स्टेडियम की टीम ने कड़े मुकाबले में बेगम खैर की टीम को 05-04 से हराया। इस अवसर पर प्रभाकर ओझा, रामसिंह, विवेक श्रीवास्तव, रमेशचंद्र गुप्ता, रणधीर सिंह, मयंक श्रीवास्तव, मास्टर शिव, विजय श्रीवास्तव, चंद्रमणि श्रीवास्तव, कैलाश मोहन श्रीवास्तव, मेजर चंद्र शेखर शुक्ल, विकास सोनकर मौजूद रहे। क्रीड़ाधिकारी दिलीप कुमार ने सहयोग किया।