कुदरहा। लालगंज थाना क्षेत्र के पिपरपाती एहतमाली गांव के पास स्थित हरखौलिया उर्फ मटियरिया के सीवान में अज्ञात कारणों से लगी भीआग से 60 किसानों के लगभग 250 बीघा गेहूं की फसल जलकर नष्ट का गई। आग को बुझाने के प्रयास में एक युवक गंभीर रूप से झुलस गया, वहीं दमकल की गाड़ी बालू में फंस जाने से राहत कार्य में भी बाधा उत्पन्न हुई।
दोपहर के समय करीब 12 बजे अचानक हरखौलिया उर्फ मटियरिया गांव की ओर से शुरू हुई आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। तेज पछुआ हवाओं के कारण आग की लपटें तेजी से दूर-दूर तक फैल गई। पिपरपाती एहतमाली निवासी 20 वर्षीय आकाश अपने ट्रैक्टर से खेत जोतकर आग रोकने का प्रयास कर रहे थे। इस दौरान वह लपटों की चपेट में आ गए। जिससे वह बुरी तरह झुलस गए। आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कुदरहा में भर्ती कराया गया, जहां उसका उपचार चल रहा है। घटना में उनका ट्रैक्टर के भी कुछ हिस्से जल गए। आग की इस लपटों ने पिल्लू, हरिश्चंद्र, शिव नारायण, दयाराम, रामवृक्ष, घनश्याम, सत्येंद्र, सदानंद, इंदल, राम सजन, नरेंद्र, सचिन, शेखर, दीनानाथ, बुझारत और दीपक समेत 60 किसानों की फसलें बर्बाद कर दीं। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की गाड़ी भी मौके पर बालू में फंस गई, जिसे ग्रामीणों ने ट्रैक्टर की मदद से बाहर निकाला। चौकी इंचार्ज कुदरहा महेश कुमार शर्मा दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने का हर संभव प्रयास किया। हल्का लेखपाल सुरेंद्र प्रताप ने बताया कि नुकसान का आकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।