UP News: सेटेलाइट से मिली पराली जलने की सूचना, मौके पर पहुंची राजस्व टीम... दिखा कुछ ऐसा दंग रह गई
पीलीभीत जिले में सेटेलाइट की ओर से खेत में पराली जलने की मिल रही सूचना पर किसानों ने सवाल उठाने शुरू कर दिए हैं। पूरनपुर में ऐसा ही मामला सामने आया है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश में पराली जलाने की घटनाओं को रोकने के लिए सेटेलाइट के माध्यम से निगरानी की जा रही है, लेकिन अब इस पर सवाल उठ रहे हैं। पीलीभीत जिले में हैरान करने वाला मामला सामने आया है। सेटेलाइट की ओर से जिला प्रशासन को सूचना मिली कि पूरनपुर तहसील क्षेत्र के एक खेत में पराली जलाई गई है।
इस पर राजस्व टीम को मौके पर भेजा गया। जब टीम बताई गई लोकेशन पर पहुंची तो हैरान रह गई। वहां खेत में धान की फसल खड़ी थी। आसपास के खेतों में भी पराली नहीं जलाई गई थी। इस पर राजस्व टीम को किसानों के विरोध का सामना करना पड़ा। फिलहाल टीम ने रिपोर्ट बनाकर प्रशासन को भेज दी है।
गांव पचपेड़ा प्रहलादपुर का है मामला
जानकारी के मुताबिक सेटेलाइट के माध्यम से बताया गया था कि तहसील पूरनपुर के गांव पचपेड़ा प्रहलादपुर के रहने वाले किसान जगविंदर सिंह के खेत में पराली जलाई गई है। इस पर राजस्व विभाग की टीम मौके पर पहुंच गई। सूचना के आधार पर गाटा संख्या 147 पर देखा गया तो वहां पर धान की फसल खड़ी थी।
इसके बाद टीम किसानों से वार्ता कर वहां से वापस चली गई। गलत सूचना को लेकर भाकियू चढूनी के जिलाध्यक्ष रंजीत कहलो ने आरोप लगाते हुए कहा कि कहीं न कहीं सेटेलाइट द्वारा बेगुनाह किसानों को गुनहगार बनाया जा रहा है। सेटेलाइट की गलत सूचना से किसानों में रोष देखा जा रहा है।