नए साल पर बीडीए की सौगात: पीलीभीत बाइपास से बैरियर दो तक चौड़ीकरण का काम शुरू, जनता को जाम से मिलेगी मुक्ति
नए साल पर पीलीभीत बाइपास स्थित बैरियर-2 से बड़े बाइपास मार्ग तक चौड़ीकरण का काम शुरू हो गया। यह मार्ग चौड़ा होने से लोगों को जाम की समस्या से नहीं जूझना पड़ेगा। बीडीए उपाध्यक्ष ने बृहस्पतिवार को जेसीबी का पूजन कर चौड़ीकरण कार्य शुरू कराया।
विस्तार
शहर में निरंतर बढ़ रहे यातायात दबाव को दृष्टिगत रखते हुए तथा शहर में आने-जाने वाले नागरिकों, बहार से आने वाले लोगों को बेहतर व सुरक्षित और सुचारू यातायात सुविधा उपलब्ध करने के उद्देश्य से इस परियोजना को प्राधिकरण ने मंजूरी दी थी। बरेली एयरपोर्ट की कनेक्टिविटी को और अधिक सशक्त एवं सुगम बनाने के लिए भी यह परियोजना महत्वपूर्ण साबित होगी।
इस मार्ग के चौड़ीकरण से पीलीभीत, लखनऊ एवं अन्य प्रमुख मार्गों से आने-जाने वाले वाहनों को भी आवागमन की सुविधा प्राप्त होगी, जिससे यातायात जाम की समस्या में उल्लेखनीय कमी आएगी तथा यात्रा समय भी कम होगा। परियोजना न केवल शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाएगी, बल्कि औद्योगिक, वाणिज्यिक एवं शहरी विकास को भी गति प्रदान करेगी।
सेटेलाइट चौराहे से त्रिशूल तिराहे तक सिक्स लेन की होगी सड़क
बरेली विकास प्राधिकरण पीलीभीत बाइपास पर सेटेलाइट चौराहे से त्रिशूल तिराहे तक सड़क का चौड़ीकरण कराने जा रहा है। बृहस्पतिवार को बीडीए ने वन विभाग, नगर निगम, पीब्लूडी, बिजली विभाग के साथ बैठक की। बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए. ने बताया कि बैठक में लोक निर्माण विभाग की ओर से बताया गया है कि 11.3 किलोमीटर लंबी सड़क को सिक्स लेन में चौड़ीकरण करने के लिए लोक निर्माण विभाग व विद्युत विभाग सर्वे कर चुका है।
उन्होंने बताया कि सड़क की मार्गाधिकार चौड़ाई लगभग 200 फीट (61 मीटर) है। भविष्य में बढ़ते ट्रैफिक दबाव को ध्यान में रखते हुए मंडलायुक्त भूपेंद्र एस चौधरी ने निर्देश के बाद सड़क को सिक्स लेन का किया जा रहा है।
बीडीए उपाध्यक्ष डॉ. मनिकंडन ए. ने बताया कि जनता की सुविधा को लेकर बीडीए लगातार काम कर रहा है। पीलीभीत बाइपास रोड का काम शुरू हो गया है। जल्द ही सेटेलाइट से त्रिशूल तिराहे का काम भी शुरू होगा। जिससे जाम की समस्या से निजात मिल सकेगी और आवागमन सुगम होगा।