Bareilly: महिलाओं के सामने स्टंट करने से रोका तो दूसरे समुदाय के युवकों ने किया हमला, घर में घुसकर की मारपीट
बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र में कुछ युवक सड़क पर महिलाओं के सामने स्टंट कर रहे थे। इस पर एक व्यक्ति ने उन्हें टोका दिया, जिससे बौखलाए युवकों ने उसे पीटा दिया। फिर गांव में उसके घर में घुसकर मारपीट और तोड़फोड़ की।
विस्तार
बरेली के सिरौली थाना क्षेत्र में खेत से गेहूं कटाई करने आ रही एक परिवार की लड़की, महिलाओं के सामने दूसरे समुदाय के युवकों ने बाइक से स्टंट किया। आरोप है कि परिवार के एक व्यक्ति के टोका तो दूसरे समुदाय के युवकों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों के समझाने के कुछ देर बाद आरोपियों ने करीब 20 लोगों के साथ मिलकर पीड़ित परिवार के घर में घुसकर मारपीट व तोड़फोड़ कर दी। जिससे 10 लोग घायल हो गए। सूचना पर इंस्पेक्टर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को अस्पताल भिजवाया। दो लोगों को बरेली अस्पताल रेफर किया गया है। पुलिस ने गांव में गश्त बढ़ा दी है।
गांव अजमेर के एक व्यक्ति के परिवार की महिलाएं व अन्य सदस्य गेहूं की कटाई कर घर आ रहे थे। तभी दूसरे समुदाय के लड़के बाइक पर स्टंट करते हुए आ रहे थे, जो एक व्यक्ति को देखने में खराब लगा। उन्होंने विरोध किया तो स्टंटबाजों ने उक्त व्यक्ति की पिटाई कर दी। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों के समझाने के बाद आरोपी उस वक्त वहां से चले गए।
इसके कुछ देर बाद संबंधित व्यक्ति के यहां दूसरे समुदाय के 20 लोग आ गए। घर में घुसकर पीड़ित परिवार के साथ मारपीट व तोड़फोड़ कर दी। सूचना के बाद इंस्पेक्टर रामरतन सिंह, सीओ मीरगंज अंजनी कुमार तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। हालांकि उससे पहले आरोपी भाग गए। पुलिस ने घायलों को रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। इसमें से दो की हालत गंभीर है, जिसको बरेली रेफर कर दिया गया है।
मनचलों की वजह से महिलाएं परेशान
ग्रामीणों का कहना है कि एक समुदाय के कुछ लोगों ने महिलाओं का निकलना मुश्किल कर दिया है। वे आए दिन छेड़खानी करते हैं। इसके विरोध पर वे झगड़ा करने के लिए आमादा हो जाते हैं।
तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी : इंस्पेक्टर
इंस्पेक्टर रामरतन सिंह ने बताया कि सुरक्षा की दृष्टि से गांव में गश्त बढ़ा दी गई है। अब तहरीर मिलने के बाद मामला दर्ज कर सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाएगी। मौके पर पहुंचकर सीओ मीरगंज अंजनी कुमार तिवारी ने भी जांच के निर्देश दिए हैं।