धोखाधड़ी का मामला: आरके गोला और उसके भाई समेत कंपनी के पदाधिकारियों पर दो और मुकदमे दर्ज
आरके गोला और उसके भाई एके गोला ने मिलकर यूपी और दूसरे राज्यों में ठगी का नेटवर्क खड़ा किया था। उत्तराखंड तक इनका जाल फैला था। दोनों के खिलाफ दो और रिपोर्ट दर्ज हुई हैं।
विस्तार
बरेली में करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी के मामले में आरके गोला, उसके भाई एके गोला और कंपनी के पदाधिकारियों के खिलाफ दो नई रिपोर्ट प्रेमनगर थाने में दर्ज की गई हैं। लोगों को करोड़ों रुपये का चूना लगाने वाली कंपनी आईसीएल (इमेज करियर लिमिटेड) में आरके गोला के साथ उसका छोटा भाई एके गोला भी शामिल था। आरके गोला पर प्रेमनगर थाने में पहले से ही चार मुकदमे दर्ज हैं।
सोमवार को सीबीगंज के सनैया निवासी रामनरेश सागर ने बताया कि उन्होंने आईसीएल में तीन पॉलिसी कराई थी, जिसका समय पूरा होने पर कंपनी ने उनको रकम नहीं लौटाई। कंपनी के सीएमडी आरके गोला, डायरेक्टर एडमिन एके गोला उर्फ बंटी गोला, मैनेजर जेके गुप्ता, दीपक भटनागर, अनिल साहू ने आपस में सांठगांठ कर छल से उनकी रकम हड़प ली है। रामनरेश की शिकायत पर प्रेमनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
दूसरी रिपोर्ट संजयनगर ईश्वर एंक्लेव निवासी निर्वेश कुमार ने दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि आरके गोला की आईसीएल म्यूचुअल फंड्स बेनिफिट्स काॅर्पोरेशन लिमिटेड में 2016 में 10 लाख रुपये का बतौर एफडी निवेश किया था। एफडी की रकम 2021 में लौटाई जानी थी, लेकिन उनको कोई भुगतान नहीं मिला। उनको सिर्फ आश्वासन मिलते रहे। परेशान होकर सोमवार को उन्होंने आरके गोला के खिलाफ प्रेमनगर थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया।
उत्तराखंड तक फैलाया ठगी का जाल
दो भाइयों आरके गोला और एके गोला ने मिलकर यूपी और दूसरे राज्यों में ठगी का नेटवर्क खड़ा किया था। उत्तराखंड तक इनका जाल फैला था। वहां के तत्कालीन सीएम त्रिवेंद्र रावत के साथ इनके फोटो वायरल हो रहे हैं।
आईसीएल कंपनी में आरके गोला सीएमडी और उसका भाई एके गोला डायरेक्टर एडमिन है। एके गोला राजनीतिक हस्तियों और बॉलीवुड के लोगों से आरके गोला की मीटिंग कराता था। लोगों की गाढ़ी कमाई को वह उद्योगपतियों और रसूखदार लोगों से संबंध बनाने में लगाता था।