Bareilly: संजयनगर में सड़क पर अतिक्रमण, जाम से जूझते हैं लोग; छुट्टा पशुओं और कुत्तों के आतंक से भी परेशान
बरेली के संजय नगर में अमर उजाला की ओर से रविवार को संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें स्थानीय लोगों ने क्षेत्र की समस्याओं को बताया। कहा कि इलाके में छुट्टा पशु सड़कों पर घूमते रहते हैं। कुत्तों के आतंक से भी लोग परेशान हैं। सड़क पर अतिक्रमण के कारण आए दिन जाम लगता है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली में नगर निगम के वार्ड 16 संजय नगर की नालियों में गंदगी है। मोहल्ले की कई सड़कें महीनों से टूटी पड़ी है। कई जगह कूड़े का ढेर लगा हुआ है लेकिन उसके बाद भी निगम का इस ओर ध्यान नहीं है। संजय नगर की मुख्य सड़क पर अतिक्रमण कर रोड को संकरा कर दिया गया है, जिस कारण वहां पर पूरे दिन जाम की स्थिति बनी रहती है। ये समस्याएं रविवार को संजय नगर में हुए अमर उजाला संवाद कार्यक्रम में लोगों ने बताईं।
संजय नगर के रहने वाले राम कृष्ण शुक्ला ने बताया कि वार्ड में बेसहारा पशु व सांड़ का आतंक बढ़ता जा रहा है। तीन दिन पहले ही एक बुजुर्ग व्यक्ति पर सांड़ ने हमला कर दिया था, जिससे वह घायल हो गए थे। बताया कि दिनभर मोहल्ले में पशु घूमते रहते हैं लेकिन उन्हें पकड़ने के लिए गाड़ी नहीं आती। जल्द ही ऐसे जानवरों को पकड़ने की मांग की। रामबाबू ने बताया कि मोहल्ले में नालियों में पानी भरा रहता है, जिससे वहां पर गंदगी होती है। वार्ड में नियमित सफाई के लिए कर्मचारी की तैनाती होती है लेकिन वह काम नहीं करते, ऐसे कर्मचारियों पर कार्रवाई होनी चाहिए।
अतिक्रमण के कारण लगता है जाम
सतीश गुप्ता ने बताया कि वार्ड में सबसे बड़ी समस्या रोड पर अतिक्रमण को लेकर है। शमशान भूमि से लेकर होली चौराहे के आगे तक तमाम दुकानें हैं, जिसके बाहर ठेला, धोखे लगाकर अतिक्रमण किया गया है, दिनभर रोड पर जाम लगा रहता हैं। कुछ दिनों में होली का त्योहार है, ऐसे में रोड पर अतिक्रमण कर के दुकानों को सजा लिया गया है, दिनभर वहां पर जाम की स्थिति बनी रहती है।
बंदरों के आतंक से लोग परेशान
प्रमोद रघुवंशी ने बताया कि बंदरों का आतंक यहां भी बहुत है, बंदरों को झुंड मोहल्लों में और उत्पाद मचाते हैं, इन्हें जल्द पकड़वाना चाहिए। दीपक द्विवेदी ने बताया कि रोड पर जाम यहां की बड़ी समस्या है। स्टेडियम रोड से पीलीभीत रोड को जोड़ने वाला ये मुख्य मार्ग है जिस वजह से यहां पर दिनभर जाम लगा रहता है। सोनू मौर्य ने बताया कि डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रह रविवार को नहीं होता है। पूछने पर गाड़ी वालों कहते हैं कि रविवार को अवकाश रहता है, ऐसे में बहुत से लोग रोड किनारे की कूड़ा डाल देते है जिससे वहां पर बदबू आती है।
प्रेमशंकर ने बताया कि छह महीने से हमारे गली की नाली टूटी पड़ी है, कई बाद सभासद से कह चुके हैं लेकिन हर बार आश्वासन दे दिया जाता है, लेकिन काम आज तक नहीं हुआ। शिवम वर्मा ने कहा कि संजय नगर में रोड पर अतिक्रमण बड़ा मुद्दा है। कई बार यहां अभियान भी चल चुका है लेकिन स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। राहुल राठौर ने कहा कि कई मोहल्ले की नालियों में सफाई की समस्या है। नालियां छोटी होने के चलते पानी के निकास में भी समस्या आती है, इन्हें चौड़ा करना चाहिए।
वार्ड 16 की पार्षद बबली पटेल ने बताया कि वार्ड में जो टूटी सड़के व नालियां हैं उन्हें ठीक कराने के लिए प्रक्रिया चल रही है, जल्द ही वहां पर काम शुरू होगा। सफाई संबंधी जो भी परेशानियां है उन्हें ठीक कराया जाएगा।