Bareilly News: फतेहगंज पश्चिमी में झोलाछाप के इलाज से बीमार किशोरी की मौत, परिजनों ने किया हंगामा
बरेली के फतेहगंज पश्चिमी में बुखार और पेट दर्द से पीड़ित एक किशोरी की मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप पर गलत इलाज करने का आरोप लगाया। घटना के बाद झोलाछाप क्लीनिक बंद कर भाग गया।
विस्तार
बरेली के फतेहगंज पश्चिमी में मंगलवार रात एक बीमार किशोरी की मौत हो गई। परिजनों ने झोलाछाप पर गलत इलाज करने का आरोप लगाकर हंगामा किया। इसकी सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद झोलाछाप क्लीनिक छोड़कर भाग गया।
फतेहगंज पश्चिमी कस्बे के मोहल्ला नई बस्ती निवासी सोमपाल ने बताया कि सोमवार को उनकी 17 वर्षीय बेटी विनीता को बुखार आया था। उस समय मोहल्ले में मौजूद झोलाछाप की दवा से वह ठीक हो गई। मंगलवार शाम उसके पेट में दर्द हुआ तो उनका बेटा विनीता को लेकर फिर झोलाछाप के पास गया।
हालत बिगड़ने पर निजी अस्पताल ले गए
आरोप है कि झोलाछाप ने पेट दर्द को रोकने के लिए उसके तीन इंजेक्शन लगा दिए। साथ ही एक कैप्सूल खाने को दिया। दवा लेकर घर आने के कुछ देर बाद विनीता की हालत बिगड़ गई। परिजन उसे इलाके के एक निजी अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया।
थाना प्रभारी निरीक्षक अभिषेक कुमार ने बताया कि सूचना पर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया है। तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। सीएचसी खिरका प्रभारी चिकित्सा अधिकारी संचित शर्मा ने बताया कि उनके पास इस तरह की कोई सूचना नहीं आई है।
11वीं की छात्रा था विनीता
घटना के बाद मृतका की मां सुदामा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। विनीता पांच भाई-बहनों में चौथे नंबर की थी। वह जानकी देवी इंटर कालेज के 11 कक्षा की छात्रा थी।