Bareilly News: हज यात्रा छूटी तो बेसिक शिक्षा विभाग से 10 लाख रुपये दिलाने की शिक्षक ने लगाई गुहार
एक शिक्षक ने हज यात्रा छूटने पर बेसिक शिक्षा विभाग से दस लाख रुपये दिलाने के लिए ज्ञापन सौंपा है। मामले पर एसडीएम ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्रकरण की जांच के लिए सात दिन का समय देकर आख्या उपलब्ध कराने के लिए कहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भूमि पर कब्जा, नाली, सड़क निर्माण आदि शिकायतों के बाद एक अजब मामला सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचा। एक शिक्षक ने हज यात्रा छूटने पर बेसिक शिक्षा विभाग से दस लाख रुपये दिलाने के लिए ज्ञापन सौंपा है। मामले पर एसडीएम प्रत्युष पांडेय ने बेसिक शिक्षा अधिकारी को प्रकरण की जांच के लिए सात दिन का समय देकर आख्या उपलब्ध कराने के लिए कहा है।
सिविल लाइंस नूरी मस्जिद के रहने वाले मोहम्मद अकरम क्यारा प्राथमिक विद्यालय शिवनगर में प्रधान अध्यापक हैं। सौंपे शिकायती पत्र में उन्होंने कहा है कि हजयात्रा 2023 के लिए उन्होंने बीएसए को 18 अप्रैल 2023 को 42 दिन अवैतनिक अवकाश के लिए प्रार्थनापत्र दिया था। प्रार्थी को अवकाश स्वीकृत होने का जवाब मिला था। 30 मई को फ्लाइट है। प्रार्थनापत्र स्वीकृत होने का वे इंतजार कर रहे थे। लंबे समय बाद अब बीएसए ने आवेदन को अग्रसारित किया है। जो एडी बेसिक के पास भेजा गया है। यहां से पत्र बेसिक शिक्षा विभाग को अग्रसारित होगा।
इसके बाद ही वहां से अवकाश की स्वीकृत मिलेगी। इस प्रक्रिया में अगर कहीं किसी स्तर पर देरी हुई तो हज यात्रा के लिए जमा कराए गए करीब दस लाख रुपये का नुकसान और आपूर्ति क्षति होगी। इसका पूरा उत्तरदायित्व बेसिक शिक्षा विभाग का होगा। मोहम्मद अकरम ने विभाग की ओर से अवकाश अनुमति देने में देरी होने पर क्षति पूर्ति दिलाने की मांग की है।
पांच बार हो चुका सर्वे पर नहीं मिला आवास
सुभाषनगर के राजेंद्र कुमार ने समाधान दिवस में पीएम आवास दिलाने की मांग की है। कहा है कि साल 2020 में उन्होंने आवास के लिए आवेदन किया था। तब से अब तक पांच बार डूडा कर्मचारियों ने सर्वे किया पर अब आवास का लाभ नहीं मिला है। कहा कि उनका आवास गिरासू हालत में हैं। किसी दिन परिवार के साथ कोई गंभीर हादसा हो सकता है। डूडा अधिकारी को जांच के निर्देश दिए गए हैं।
हाइटेंशन लाइन पर सेफ्टी गार्ड लगाने की मांग
इटौआ रोड की रहने वाली महिला ने घर के सामने से गुजर रहे हाइटेंशन लाइन पर सेफ्टी गार्ड लगाने की मांग की है। कहा है कि गार्ड लगवाने के लिए वह कई बार एसडीओ सुभाषनगर को प्रार्थना पत्र दिया पर सुनवाई नहीं हो सकी। बताया कि पूर्व में हाइटेंशन लाइन गिरने से आग भी लग चुकी है। फिर भी अफसर इसे नजरंदाज कर रहे हैं। मामले पर एक्सईएन को जांच कर समस्या निस्तारण को कहा है।