लोकसभा चुनाव 2024: सपा ने बरेली से प्रवीण सिंह ऐरन पर जताया भरोसा, जानिए इनका राजनीतिक सफर
बरेली मंडल में टिकट वितरण के मामले में सपा दूसरे दलों से आगे है। सपा ने चार सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर दिए हैं। बरेली लोकसभा क्षेत्र में प्रवीण सिंह ऐरन को प्रत्याशी बनाया गया है।
विस्तार
बरेली मंडल की पांच में से चार सीटों पर प्रत्याशी घोषित कर सपा अन्य दलों से आगे निकल गई है। अब पीलीभीत सीट पर सबकी नजर है। माना जा रहा है कि इस सीट पर पार्टी की ओर से चौंकाने वाला नाम सामने आएगा। विधायक, सांसद और राज्यमंत्री रहे प्रवीण सिंह ऐरन को बरेली लोकसभा क्षेत्र से पार्टी ने अपना उम्मीदवार बनाया है।
प्रवीण सिंह ऐरन का लंबा सियासी सफर है। छात्रसंघ की राजनीति से शुरुआत हुई। उसके बाद से वह विधानसभा और फिर लोकसभा चुनाव की राजनीति में सक्रियता बनाए हुए हैं। वह पहली बार 1989 में जनता दल और दूसरी बार 1993 में कैंट विधानसभा से सपा विधायक चुने गए।
सुप्रिया ऐरन रह चुकी हैं मेयर
वर्ष 1995 में तत्कालीन मायावती सरकार में स्वास्थ्य राज्यमंत्री रहे। वर्ष 2009 में कांग्रेस से लोकसभा के सदस्य चुने गए। इससे पहले वर्ष 2006 में उनकी पत्नी सुप्रिया ऐरन कांग्रेस के टिकट पर महापौर निर्वाचित हुईं। तभी से ऐरन दंपती की शहर की सियासत में अलग पहचान है।
वर्ष 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को छोड़कर ऐरन दंपती ने सपा का दामन थामा था। सुप्रिया ऐरन कैंट से सपा के टिकट पर विधानसभा का चुनाव लड़ीं थीं। अबकी बार लोकसभा टिकट के लिए पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार समेत कई दावेदार थे, लेकिन प्रवीण सिंह ऐरन का नाम तय हुआ है।
सपाइयों ने किया स्वागत
सपा के जिलाध्यक्ष शिवचरण कश्यप, महानगर अध्यक्ष शमीम खां सुल्तानी, प्रदेश प्रवक्ता मयंक शुक्ला ने टिकट मिलने पर प्रवीण सिंह ऐरन का स्वागत किया। साथ ही राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव का आभार व्यक्त किया।
बरेली- प्रवीण सिंह ऐरन
आंवला- नीरज मौर्य
बदायूं- शिवपाल सिंह यादव
शाहजहांपुर- राजेश कश्यप