चिटफंड घोटाला: बरेली में कन्हैया गुलाटी पर दर्ज मुकदमों की जांच करेगी एसआईटी, लुकआउट नोटिस हो चुका है जारी
Bareilly News: बरेली में निवेशकों से करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने के आरोपी कन्हैया गुलाटी और उसके गुर्गों पर अब तक कई मामले दर्ज हो चुके हैं। इन मामलों की जांच के लिए एसएसपी ने एसआईटी गठित की है। एसपी यातायात के नेतृत्व में एसआईटी जांच करेगी।
विस्तार
बरेली में चिटफंड कंपनी घोटाले के मुख्य आरोपी कन्हैया गुलाटी और उसके गिरोह पर दर्ज मुकदमों की विवेचना के लिए एसपी यातायात के नेतृत्व में विशेष जांच दल (एसआईटी) गठित की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी लगाई जाएगी। शहर में घूमकर निवेशकों को धमका रहे कन्हैया के गुर्गों की भी गिरफ्तारी होगी।
कन्हैया और उसके साथियों पर बारादरी थाने में दस और फरीदपुर थाने में एक रिपोर्ट महीनेभर में हुई हैं। इनके अलावा उसके खिलाफ शिकायतों की भरमार है। कन्हैया सभी मुकदमों में मुख्य आरोपी है। उसकी पत्नी राधिका गुलाटी, बेटे गोपाल गुलाटी भी कई मामलों में नामजद हैं। गुलाटी के साले-सलहज व रिश्तेदारों ने चंद दिनों में अकूत संपत्ति बनाई है।
यह भी पढ़ें- UP News: फेरों से पहले बिगड़ी बात... बरात में मच गया हंगामा, पुलिस ने दूल्हा समेत तीन को हिरासत में लिया
सूत्रों के मुताबिक, शहर में रहकर कुछ साल में करोड़पति बने गुलाटी के खास गुर्गे जगतपाल मौर्य, विशाल मौर्य, राहुल मौर्य, पुष्पेंद्र चंद्रा, संजीव बाधवा और सोनू चंद्रा लग्जरी गाड़ियों में घूमने के साथ ही आलीशान कोठियों के मालिक हैं। इनमें से कई अब भी शहर में रह रहे हैं और निवेशकों को कुछ समय शांत रहने का संदेश दे रहे हैं।
गुलाटी ने ठिकाने लगाई संपत्ति
दो महीने से ये बता रहे हैं कि गुलाटी जल्द ही आकर सब सही कर देगा, जबकि सच्चाई ये है कि गुलाटी पहले ही कीमती संपत्ति ठिकाने लगाकर दूसरे देश व राज्यों में निवेश कर चुका है। मेहनत की कमाई के करोड़ों रुपये गुलाटी व उसके गुर्गों को सौंप चुके निवेशक बेहद परेशान हैं। रकम वापस पाने के लिए भागदौड़ कर रहे हैं। कई लोगों को अब भी उम्मीद है कि उनके शिकायत न करने से कंपनी उन्हें उनका रुपया वापस दे सकती है, वहीं अधिकतर लोग खुलकर विरोध में आ गए हैं। कुछ लोग गुलाटी के गुर्गों को भी तलाश कर रहे हैं।
लुकआउट नोटिस हो चुका है जारी
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि लुकआउट नोटिस जारी किया जा चुका है, ऐसे में गुलाटी देश से बाहर नहीं जा सकेगा। एसपी यातायात अकमल खान के नेतृत्व में एसआईटी बनाई गई है। इसके सदस्यों के नाम भी जारी किए जाएंगे। गिरफ्तारी के लिए भी थाने के अलावा विशेष टीम गठित की जा रही है। गुलाटी की हिस्ट्रीशीट खोलने के साथ ही अन्य सभी संभावित कार्रवाई प्राथमिकता से की जाएगी।