बरेली। डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए वसूले गए यूजर चार्ज के घोटाले की दोबारा हुई जांच में भी डेढ़ करोड़ रुपये के गबन की पुष्टि हुई है। जांच रिपोर्ट नगर आयुक्त निधि गुप्ता वत्स के पास पहुंच गई है। अब दोनों एजेंसियों से मय ब्याज रकम जमा कराने की तैयारी चल रही है। उन पर बड़ा जुर्माना भी किया जा सकता है।
नगर निगम की ओर से तीस से अधिक वार्डों में डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए दो एजेंसियों को लगाया गया है। इनमें से एक आनंद नारायण कांट्रेक्टर ने करीब 26 लाख रुपये यूजर चार्ज वसूला, लेकिन इसे नगर निगम में जमा नहीं किया गया। दूसरी एजेंसी पाथेया एजेंसी ने भी एक करोड़ से ज्यादा का यूजर चार्ज घरों से वसूला, लेकिन जमा नहीं किया। करीब डेढ़ करोड़ रुपये का एजेंसियों द्वारा गबन किया गया, लेकिन नगर निगम के अफसर खामोश रहे। मामला तब खुला जब वेतन का भुगतान न होने पर एजेंसियों के कर्मचारियों ने हड़ताल कर दी। इस मामले की दोबारा अपर नगर आयुक्त अजीत कुमार सिंह से जांच कराई गई। इसमें भी गबन की पुष्टि हुई है।
यूजर चार्ज घोटाले की दोबारा कराई गई जांच की रिपोर्ट मिल गई है। रिपोर्ट के आधार पर एजेंसियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। - निधि गुप्ता वत्स, नगर आयुक्त