पलभर की आजादी: रिहा होते ही जेल के गेट पर सर्वजीत बख्शी फिर गिरफ्तार, पुलिस ने अब इस मामले में की कार्रवाई
धोखाधड़ी के मामले में सर्वजीत उर्फ बिट्टू बख्शी को गुरुवार रात जमानत पर जेल से रिहा किया गया था। जेल से निकलते ही इज्जतनगर पुलिस ने अपने यहां दर्ज धोखाधड़ी के मामले में बिट्टू को गिरफ्तार कर लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के भोजीपुरा थाने से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में जेल से रात में रिहाई होते ही सर्वजीत सिंह उर्फ बिट्टू बख्शी को थाना इज्जतनगर पुलिस ने जेल गेट से ही फिर गिरफ्तार कर लिया। इसके विरोध में परिवार और सिख समुदाय के लोगों ने रात में थाने पर धरना दिया। सीओ टू की मौजूदगी में वार्ता के बाद रात तीन बजे लोग थाने से चले गए। पुलिस ने बिट्टू बख्शी को कोर्ट भेजने के लिए कागजात तैयार कर लिए हैं। उसे कोर्ट में पेश कर जेल भेजा जाएगा। उधर, आरोपी पक्ष एक बार फिर से जमानत कराने की तैयारी में जुट गया है।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र से जुड़े धोखाधड़ी के मामले में सर्वजीत उर्फ बिट्टू बख्शी जेल में बंद चल रहा था। बृहस्पतिवार को दोनों पक्षों को सुनने के बाद प्रभारी सत्र न्यायाधीश अंगद कुमार की कोर्ट ने बिट्टू को सशर्त जमानत दे दी। कोर्ट ने आदेश में लिखा है कि आरोपी न तो सुबूतों से छेड़छाड़ करेगा, न ही किसी प्रकार से गवाहों को डराएगा। आरोपी रिहा होने के बाद किसी अपराध की पुनरावृत्ति नहीं करेगा। जमानत का दुरुपयोग नहीं किया जाएगा और कोर्ट के बुलाने पर हाजिर होना होगा। अधिवक्ता अनिल भटनागर ने भी कोर्ट में मजबूती से पक्ष रखा।
जेल के गेट पर ही पकड़ा
रात करीब साढ़े नौ बजे बिट्टू बख्शी को जेल से रिहा किया जाना था। बिट्टू के परिवार के कई लोग जिला जेल के गेट पर पहुंच गए थे। इस बीच थाना इज्जतनगर व भुता पुलिस तथा एसओजी तीन गाड़ियों से जेल गेट पर पहुंचीं। पुलिस ने गेट से निकलते ही बिट्टू को हिरासत में ले लिया। इस पर परिजनों से हल्की नोकझोंक भी हुई। पुलिस ने बिट्टू को थाने की हवालात में लाकर बंद कर दिया।पुलिस पर ज्यादती करने का आरोप
रात करीब एक बजे बिट्टू बख्शी के दामाद रौनक सिंह समेत परिवार के कई लोग और मॉडल टाउन के निवासी इज्जतनगर थाने पहुंच गए। उन्होंने परिसर में धरना शुरू कर दिया। उन्होंने पुलिस पर ज्यादती करने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि ये हिरासत नहीं बल्कि अपहरण जैसी बात है।अधिकारियों को मौके पर आकर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। इधर, इज्जतनगर थाने के प्रभारी अरुण कुमार श्रीवास्तव का कहना है कि सर्वजीत उर्फ बिट्टू बख्शी उनके यहां दर्ज धोखाधड़ी मामले में आरोपी है। आरोप से जुड़े साक्ष्य भी मिले हैं। उसकी विधिवत तरीके से गिरफ्तारी की गई है। उसे जेल भेजा जाएगा।