Sawan Shivratri 2023: शिवरात्रि को लेकर रूट डायवर्जन लागू, बरेली में प्रवेश नहीं कर सकेंगे भारी वाहन
बरेली शहर के सभी ट्रांसपोर्टर सावन में अपना कारोबार ट्रांसपोर्ट नगर से ही संचालित करेंगे। शहर के अंदर रोडवेज बसें व छोटे वाहनों के रूट भी बदल जाएंगे। भारी वाहनों की नो एंट्री रहेगी।
विस्तार
सावन के दूसरे सोमवार से पहले 15 जुलाई को शिवरात्रि है। बरेली में इसे लेकर बुधवार रात से डायवर्जन लागू हो गया है। शिवरात्रि के बाद सावन का दूसरा सोमवार है तो अब सोमवार की रात 10 बजे तक रूट डायवर्जन लागू रहेगा।
जारी निर्देशों के अनुसार बरेली शहर के सभी ट्रांसपोर्टर सावन में अपना कारोबार ट्रांसपोर्ट नगर से ही संचालित करेंगे। शहर के अंदर रोडवेज बसें व छोटे वाहनों के रूट भी बदल जाएंगे। पिछले सोमवार को कांवड़ियों की संख्या कम रही थी मगर दूसरे सोमवार को और बढ़ने की उम्मीद है।
भारी वाहनों का रूट डायवर्जन
- लखनऊ से बरेली होकर दिल्ली की तरफ जाने वाले भारी वाहन फरीदपुर से बड़ा बाईपास होते हुए रामपुर, मिलक, शाहबाद, बिलारी,बबराला, नरौरा, बुलंदशहर होते हुए दिल्ली जा सकेंगे। दिल्ली से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन भी इसी मार्ग से गुजरेंगे।
- बरेली से रामपुर, मुरादाबाद की तरफ जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाईपास होकर जा सकेंगे।
- नैनीताल, पीलीभीत रोड से लखनऊ की ओर जाने वाले भारी वाहन बड़ा बाईपास से इन्वर्टिस तिराहा होते हुए जा सकेंगे।
- बरेली से आगरा की ओर जाने वाले भारी वाहन इन्वर्टिस तिराहा से बड़ा वाईपास, मिलक, रामपुर, शाहबाद, बिलारी, बबराला, गुन्नौर,नरौरा, अलीगढ़ होकर आवागमन करेंगे।
- रामपुर से लखनऊ की ओर जाने वाले वाहन नेशनल हाईवे से बड़ा बाईपास, फरीदपुर बाईपास होते हुए अपने गंतव्य को जा सकेंगे।
- परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र के भारी वाहन झुमका तिराहे से आगे बड़ा बाईपास पर बने अंडरपास से आवागमन कर सकेंगे। श्यामगंज,लीचीबाग, सेटेलाइट के लिए आने-जाने वाले समस्त भारी वाहन ट्रांसपोर्ट नगर से संचालित होंगे।