Special Trains: त्योहारों पर सफर होगा आसान... दिवाली और छठ पूजा पर 20 जोड़ी विशेष ट्रेनें चलाएगा रेलवे
आगामी त्योहारों के मद्देनजर यात्रियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने तैयारी शुरू कर दी है। रेलवे दिवाली और छठ पूजा पर विशेष ट्रेनों का संचालन करेगा। बिहार, पूर्वांचल को जाने वाली यह ट्रेनें बरेली होकर गुजरेंगी। जल्द ही इन ट्रेनों की समय सारिणी जारी की जाएगी।
विस्तार
अक्तूबर में दिवाली और छठ पूजा पर बरेली होते हुए पूर्वांचल व बिहार की ओर जाने-आने वाली ट्रेनें अभी से फुल हो गई हैं। इस वर्ष दीपोत्सव 19 से 22 अक्तूबर और छठ पूजा 25 से 28 अक्तूबर के बीच है। ऐसे में त्योहार पर घर जाने और काम पर वापसी के लिए लोगों को कन्फर्म टिकट मिल सके इसके लिए रेलवे बरेली होते हुए 20 जोड़ी विशेष ट्रेनों का संचालन करेगा।
रेलवे दो माह पहले तक टिकट बुकिंग कराने की सुविधा देता है। ऐसे में दिवाली और छठ पूजा जैसे त्योहारों के दौरान कई ट्रेनों में अभी से नो रूम होने के कारण टिकट बुकिंग बंद हो गई है। नियमित ट्रेनों पर दबाव के बीच रेलवे ने बरेली होकर गुजरने वाली चार जोड़ी ग्रीष्मकालीन विशेष ट्रेनों के फेरों को भी बढ़ाया है। अब रेलवे दिवाली और छठ पूजा के मद्देनजर संचालित की जाने वाली ट्रेनों की समय सारिणी तैयार करने में जुट गया है।
यह भी पढ़ें- Bareilly News: सपा छात्र सभा के जिलाध्यक्ष अविनाश मिश्रा पर लगा गुंडा एक्ट, भूमाफिया संजय राना पर भी कार्रवाई
जल्द जारी की जाएगी समय सारिणी
पूर्वोत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी पंकज सिंह ने बताया कि सितंबर का पहला सप्ताह खत्म होने तक ज्यादातर ट्रेनों की समय सारिणी जारी कर दी जाएगी। इसके साथ ही विशेष ट्रेनों में टिकट बुकिंग भी शुरू हो जाएगी। इस बार विशेष ट्रेनों की समयबद्धता पर ज्यादा काम किया गया है। कई रेलखंड पर ऑटोमेटिक सिग्नल प्रणाली का काम पूरा होने के बाद ट्रेनों की औसत रफ्तार में भी वृद्धि हुई है। ऐसे में त्योहारी सीजन में गाड़ियां लेटलतीफी का शिकार नहीं होंगी।
गणेश चौथ मेला पर बरेली-मुरादाबाद के बीच विशेष ट्रेन
चंदौसी में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध गणेश चौथ मेला पर रेलवे बरेली-मुरादाबाद के बीच 25 अगस्त से 14 सितंबर तक मेला विशेष ट्रेन का संचालन करेगा। सीनियर डीसीएम आदित्य गुप्ता ने बताया कि 04323 बरेली-मुरादाबाद मेला विशेष गाड़ी बरेली से सुबह 5:30 बजे चलने के बाद आंवला, आसफपुर होते हुए 8:40 बजे चंदौसी और 11:30 बजे मुरादाबाद पहुंचेगी।
04324 मुरादाबाद-बरेली मेला विशेष गाड़ी शाम 5:45 बजे मुरादाबाद से चलने के बाद शाम 7:29 बजे चंदौसी और रात 11 बजे बरेली आएगी। मेला के दौरान 54352-54 बरेली-अलीगढ़ पैसेंजर में अनारक्षित श्रेणी के तीन अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।
ऑटोमेटिक सिग्नल प्रणाली की कमीशनिंग के कारण मुरादाबाद मंडल के पिलखुआ-डासना रेलखंड में ब्लॉक लिया जाएगा। इससे बरेली होकर गुजरने वाली तीन ट्रेनें प्रभावित होंगी। ब्लॉक के दौरान 15909 डिब्रूगढ़-लालगढ़ एक्सप्रेस 10 सितंबर को 45 और 14 सितंबर को 150 मिनट नियंत्रित कर चलाई जाएगी। इसके अलावा 12584 आनंद विहार-लखनऊ डबल डेकर एक्सप्रेस 16 सितंबर को आनंद विहार से 90 मिनट और 12558 आनंद विहार-मुजफ्फरपुर 75 मिनट देरी से चलाई जाएंगी।
धनबाद-चंडीगढ़, धनबाद जम्मूतवी के फेरे बढ़ाए
यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने 03311-12 धनबाद-चंडीगढ़ और 03309-10 धनबाद-जम्मूतवी विशेष ट्रेनों के फेरों में विस्तार किया है। 03309 धनबाद-जम्मूतवी विशेष गाड़ी का संचालन अब 13 दिसंबर तक प्रत्येक मंगलवार व शनिवार को और 03310 जम्मूतवी-धनबाद विशेष गाड़ी का संचालन प्रत्येक बुधवार व रविवार को 14 सितंबर तक किया जाएगा। 03311 धनबाद-चंडीगढ़ विशेष ट्रेन प्रत्येक मंगलवार व शुक्रवार को 12 सितंबर तक और 03312 चंडीगढ़-धनबाद विशेष गाड़ी प्रत्येक बृहस्पतिवार व रविवार को 14 सितंबर तक चलाई जाएगी।