बरेली: जुआ विवाद में रेलकर्मी की गोली मारकर हत्या, दूसरी जगह सिपाहियों को पीटा
बारादरी थाना में सतीपुर के मोहल्ला पीली मिट्टी में रविवार शाम करीब पांच बजे धर्मेंद्र नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बारादरी के पीली मिट्टी इलाके में जुए के फड़ पर रेलवे के गैंगमैन गुलाबबाड़ी निवासी 26 वर्षीय धर्मेंद्र की गोली मारकर हत्या कर दी गई। परिवार वालों का आरोप है कि तीन-चार दोस्त धर्मेंद्र को घर से बुला ले गए थे।
घटनास्थल के नजदीक मौजूद रहे लोगों के मुताबिक रविवार शाम करीब पौने पांच बजे चार-पांच लोग मैदान में जुआ खेल रहे थे। अचानक गोली चली तो एक युवक गिर पड़ा और बाकी सब भाग निकले।
सूचना पर सीओ साद मियां खान और इंस्पेक्टर बारादरी नीरज मलिक पहुंचे तो मौके पर ताश के पत्ते बिखरे हुए थे। जेब में मिले आधार कार्ड से मृतक की शिनाख्त बरेली जंक्शन पर कार्यरत गैंगमैन धर्मेंद्र के रूप में हुई।
उसकी कनपटी में दाहिनी ओर लगी गोली बायीं ओर से निकल गई थी। एसएसपी रोहित सिंह सजवाण और एसपी सिटी रवींद्र कुमार ने भी फोरेंसिक टीम के साथ मौका मुआयना किया। धर्मेंद्र के बड़े भाई धर्मवीर ने बताया कि उनका भाई जुआ नहीं खेलता था। तीन-चार दोस्त उसे घर से बुलाकर ले गए थे और उसकी हत्या कर दी। हत्या की वजह वह नहीं बता सके।
हत्या का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। मौके पर जुआ होने की बात भी सामने आई है। जांच की जा रही है।
- रवींद्र सिंह, एसपी सिटी
जुआरियों ने दो सिपाहियों को पीटा, पांच गिरफ्तार
ओरछी (बदायूं) के फैजगंज बेहटा में तैनात दो सिपाहियों की हरकत रविवार को उन पर भारी पड़ गई। बताया जा रहा है कि दोनों सिपाही जुआरियों से हफ्ता वसूली करने पहुंचे थे। उसी दौरान जुआरियों ने उन्हें पकड़कर पीट दिया। बाद में थाने से पुलिस पहुंचने पर पांच जुआरी गिरफ्तार कर लिए गए।
फैजगंज बेहटा में तैनात आरोपी वही सिपाही हैं, जिनका रिकॉर्ड बरेली जिले में खराब हो चुका है। हफ्ता वसूली और अन्य मामलों में बदनाम होने के बाद उनका फैजगंज बेहटा ट्रांसफर किया गया था। ग्रामीणों के मुताबिक रविवार दोपहर दोनों सिपाही सादा कपड़ों में जुआरियों से हफ्ता वसूली करने पहुंचे थे। उन्होंने पहले से ज्यादा रुपये मांगे। उस वक्त जो रुपये फड़ पर पड़े थे, वो भी सिपाही हड़पना चाहते थे। इससे जुआरियों ने दोनों को पकड़ लिया और उनके साथ मारपीट कर दी।
सिपाहियों ने थाना पुलिस को सूचना दी। कुछ देर बाद थाने से और पुलिस बल पहुंच गया। फिर घेराबंदी कर पांच जुआरियों को पकड़ लिया और उन्हें थाने ले गई। इस दौरान तमाम लोगों की भीड़ भी जमा हो गई। इस पर एसपी देहात सिद्धार्थ वर्मा ने बताया कि इसकी जानकारी नहीं है। अगर ऐसा है तो जांच के बाद कार्रवाई होगी।