Bareilly News: संतोष शर्मा हत्याकांड के फरार आरोपी पुलिसकर्मियों पर कसेगा शिकंजा, संपत्ति होगी कुर्क
बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र में दिवाली के दिन हुई किसान संतोष शर्मा की हत्या के मामले में फरार आरोपी पुलिसकर्मियों की संपत्ति कुर्क की जाएगी। यह आश्वासन एसपी देहात ने ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों को दिया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली के भमोरा थाना क्षेत्र में पुलिस की पिटाई से मरे किसान संतोष शर्मा के हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर बुधवार से प्रस्तावित धरना फिलहाल नहीं होगा। अखिल भारतीय ब्राह्मण महासभा के पदाधिकारियों ने एसपी देहात से वार्ता के बाद यह निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि बुधवार को पुलिस आरोपियों की 82 की कार्रवाई के लिए कोर्ट में आवेदन करेगी। दो और मामलों में कार्रवाई पर सहमति बनी।
दिवाली के दिनों में किसान संतोष शर्मा की पीटकर हत्या कर दी गई थी। हत्या का आरोप पुलिसकर्मियों पर लगा था, जो जुआ पकड़ने गए थे और जुआरियों के नाम मिलने पर उन्होंने संतोष शर्मा से उनके नाम पते पूछने की कोशिश की। इस घटना के बाद आठ पुलिस कर्मियों को निलंबित कर 10 लोगों पर एफआईआर दर्ज कर दी गई।
Bareilly News: गोल्डी बराड़ के नाम से भाजपा कार्यकर्ता को धमकी भरी कॉल, कहा- बम से उड़ाकर ठिकाने लगा देंगे
इसके बावजूद अभी तक एक भी पुलिसकर्मी व अन्य आरोपी गिरफ्तार नहीं किया जा सका है, इसके विरोध में ब्राह्मण महासभा ने 13 दिसंबर को धरना देने का ऐलान किया था। मंगलवार को महासभा के लोग एसएसपी दफ्तर आए और यहां एसपी देहात मुकेश चंद्र मिश्रा से मुलाकात की।
जल्द होगी आरोपियों पर कार्रवाई
एसपी देहात ने उन्हें आश्वासन दिया कि भमोरा थाना प्रभारी के परिवार में शादी की वजह से कुछ देर हो गई। बुधवार को पुलिस कोर्ट में 82 की कार्रवाई के लिए आवेदन कर देगी, जल्द ही फरार पुलिसकर्मियों की संपत्ति को कुर्क किया जाएगा। उनकी तलाश भी चल रही है। एसपी देहात के आश्वासन पर ब्राह्मण सभा के लोग संतुष्ट हो गए और उन्होंने बुधवार का धरना स्थगित करने का ऐलान किया दिया।
इसके साथ ही बिथरी और भमोरा थानों में ब्राह्मण समाज के लोगों के साथ उत्पीड़न से जुड़े मामले में भी सहमति बन गई। इस दौरान प्रदेश उपाध्यक्ष एसके पांडेय, समर्थ मिश्रा, तापस मिश्रा, रमेश चंद्र शुक्ला, डौली शर्मा और विधांत भारद्वाज आदि मौजूद रहे।