Bareilly News: खाद पर महंगाई... साथ में लें जिंक और दवाई, मुनाफाखोरी कर रहे निजी विक्रेता
बरेली जिले में खाद की किल्लत का फायदा उठाकर निजी विक्रेता मुनाफाखोरी कर रहे हैं। निजी विक्रेता 1,470 की जगह 1,580 रुपये में एनपीके की बोरी बेच रहे हैं। साथ ही जिंक और दवाई लेने का दबाव भी बना रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बरेली जिले में गेहूं की बोआई के सीजन में उर्वरकों की किल्लत का फायदा निजी विक्रेता उठा रहे हैं। अधिक मूल्य वसूलने के साथ ही यूरिया, डीएपी व एनपीके के साथ जिंक व कीटनाशक दवाएं लेने का दबाव किसानों पर बनाया जा रहा है। अगर कोई किसान इन्कार करता है तो उसे खाद ही नहीं दी जाती। मुनाफाखोरी रोकने की जिम्मेदारी कृषि विभाग की है, मगर जिम्मेदार अधिकारी आंखें मूंदे बैठे हैं।
परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र और उसके आसपास उर्वरक की कई निजी दुकानें हैं। खाद की किल्लत के बीच दुकानदार मनमानी कर रहे हैं। या तो वह खाद महंगी बेच रहे हैं या फिर खाद के साथ जबरन जिंक व कीटनाशक दवाएं दे रहे हैं। ट्यूलिया के किसान अरविंद गंगवार ने बताया कि यूरिया की एक बोरी 270 रुपये की है, लेकिन दुकानदार 300 से 320 रुपये तक बिक्री कर रहे हैं। 270 रुपये देने पर जिंक और दवाई खरीदने का दबाव बनाते हैं।
'मौत का रास्ता' दिखाने पर फंसा गूगल: PWD के चार इंजीनियरों पर केस, जांच में उजागर हुई बड़ी लापरवाही
किसान संजीव कुमार ने बताया कि उन्होंने निजी विक्रेता से एनपीके की एक बोरी खरीदी थी। दुकानदार ने 1470 की जगह 1580 रुपये लिए। विरोध जताने पर वह झगड़ा करने पर उतारू हो गया। किसान ने बताया कि उन्होंने इसकी शिकायत कृषि विभाग के अधिकारियों से कर दी है।
उर्वरक के 25 नमूने भरे
जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी ने सोमवार को बहेड़ी तहसील क्षेत्र में तराई बीज भंडार, न्यू शिवम बीज भंडार, कमल बीज भंडार, शिवा एजेंसी और पंकज फर्टिलाइजर एजेंसी, बहेड़ी कृषि सेवा केंद्र पर जाकर खाद और बीज की जांच की। कई दुकानों से खाद के 25 नमूने भी भरे। हालांकि इस दौरान कोई दुकानदार अधिक मूल्य पर खाद बेचता नहीं मिला। सभी दुकानों पर डीएपी माैजूद पाई गई।
मंडल में 80,549 मीट्रिक टन खाद का वितरण
संयुक्त कृषि निदेशक डॉ. राजेश कुमार ने बताया कि इस समय रबी फसलों की बोआई चल रही है। गेहूं, सरसों, आलू और दलहनी फसलों के लिए 97,606 मीट्रिक टन खाद उपलब्ध कराई गई थी। इसमें से 80,549 मीट्रिक टन खाद वितरित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि अगर कहीं किसानों को दिक्कत है तो वह कार्यालय आकर शिकायत दर्ज कराएं।
जिला कृषि अधिकारी ऋतुषा तिवारी ने बताया कि मंगलवार को दुकानों का निरीक्षण किया जाएगा। अगर कोई दुकानदार ज्यादा दाम पर खाद बेचता पाया गया या फिर जिंक व कीटनाशक खरीदने का दबाव बना रहा है, तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।