बरेली में बिजली संकट: ओवरलोड ट्रांसफार्मर दे रहे दगा, शहरवासियों का रतजगा; पानी के लिए भी तरसे लोग
बरेली में भीषण गर्मी में बिजली कटौती से लोग बेहाल हैं। शहर के सतीपुर में 24 घंटे बिजली गुल रही। लोगों के घरों के इन्वर्टर भी डिस्चार्ज हो गए। लोगों ने जागकर रात गुजारी। शहर के अन्य इलाकों में भी बिजली संकट रहा।
विस्तार
बरेली में भीषण गर्मी में लोड से हांफ रहे ट्रांसफार्मर दगा दे रहे हैं। लोकल फाल्ट भी समय से दुरुस्त नहीं कराए जा रहे हैं। इस वजह से रविवार को कई इलाकों में बिजली संकट रहा। सतीपुर में ट्रांसफार्मर की जली हुई लीड नहीं बदले जाने से 24 घंटे से उपभोक्ता बिजली के साथ ही जल संकट से भी जूझ रहे हैं। यहां लोगों के घरों में लगे इन्वर्टर तक दगा दे गए। लोगों के मोबाइल फोन तक बंद हो गए। लोगों ने जागकर रात गुजारी। मलूकपुर, कुतुबखाना सहित शहर के अन्य इलाकों में भी यही हाल रहा। वहीं विद्युत निगम की टोल फ्री सेवा 1912 फेल हो गई, जिससे उपभोक्ता परेशान रहे।
सतीपुर में ट्रांसफार्मर की लीड शनिवार शाम को जली थी। स्थानीय लोगों ने शिकायत भी दर्ज कराई। इसके बाद भी रविवार देर शाम तक बिजली निगम इसे बदल नहीं पाया। इस वजह से आनंद विहार कॉलोनी, नवादा शेखान, गुलजार नगर और सतीपुर के उपभोक्ता परेशान हुए। बिजली न आने से दोपहर में घर में रुकना मुश्किल हो गया था।
यह भी पढ़ें- ट्रेन पलटाने की साजिश: रेलवे ट्रैक की कैंची में भरे मिले पत्थर, इमरजेंसी ब्रेक लेकर रोकी टनकपुर-बरेली पैसेंजर
पार्षद पूनम राठौर ने बताया कि एसडीओ ने एक बार कॉल रिसीव की, दोबारा बात भी नहीं की। एसी कार्यालयों में बैठे अभियंताओं को आम लोगों की दिक्कतों से कोई मतलब नहीं है। वहीं, सिटी फीडर पर भी दो ट्रांसफार्मर खराब होने से मलूकपुर सहित आसपास के इलाकों में संकट रहा। इज्जतनगर की डिफेंस और आलोक नगर कॉलोनी के साथ ही संत गायत्री नगर में बिजली कटौती से जनता परेशान रही।
धरना-प्रदर्शन की चेतावनी
लक्ष्मी-नारायण की गली में तार टूटने के कारण बिजली गुल हो गई। यहां के उपभोक्ता ने सोशल मीडिया पर लिखा कि स्थानीय जेई को पांच जगह की जिम्मेदारी दे दी गई है। इस वजह से फाल्ट की समय से मरम्मत ही नहीं हो पाती। एक उपभोक्ता ने धरना-प्रदर्शन की चेतावनी दी है।
रविवार रात को आंधी के बाद कई मोहल्लों की बिजली गुल
रविवार रात को आई आंधी के चलते कई इलाकों की बिजली काट दी गई। इस दौरान शाहदाना, हरूनगला, सुभाषनगर, जगतपुर, इज्जतनगर आदि इलाकों में समस्या रही। आंधी रुकने के बाद आपूर्ति बहाल की गई तो लोकल फाल्ट मुसीबत बन गए। सुभाषनगर में तारों में फाल्ट हो गया। रामगंगा नगर में ट्रांसफार्मर में खराबी आने के कारण बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
मॉडल टाउन, सुभाषनगर, कुंवरपुर तलैया में भी लोकल फाल्ट हुए। रविवार को सिटी सब्जी मंडी, फालतूनगंज, कालीबाड़ी, सुरेश शर्मा नगर, संसार एन्क्लेव, सनराइज एन्क्लेव, धोपा मंदिर, आशुतोष सिटी, संजय नगर, वनखंडी नाथ मंदिर, गली नवाबान, बड़ी बमनपुरी, बिहारीपुर कहरवान, किला उपकेंद्र के जामा मस्जिद सहित अन्य इलाकों में भी संकट रहा।
ओवरलोडिंग दूर करने के निर्देश
भीषण गर्मी में बिजली आपूर्ति व्यवस्था चरमराने के बाद रविवार को बिजली निगम के मुख्य अभियंता दीपक चौधरी ने कई उपकेंद्रों का निरीक्षण किया। हरूनगला उपकेंद्र में रखे हुए ट्रांसफार्मर को भंडार केंद्र भेजने और पावर ट्रांसफार्मर को सही करने के निर्देश दिए। ओवरलोड ट्रांसफार्मर संख्या एक का भार ट्रांसफार्मर संख्या दो पर डालने के लिए कहा।
सुभाष नगर उपकेंद्र पर 100 केवीए व 25 केवीए ट्रांसफार्मर फ्यूज सेट लगाने के निर्देश दिए। बदायूं रोड पर नवनिर्मित 220 केवी उपकेंद्र का निरीक्षण करने के दौरान 33 केवी सुभाषनगर लाइन को जल्द बनाने और सराय तल्फी के लिए जाने वाली 33 केवी लाइन को शीघ्र चालू करने के लिए कहा। अवध धाम कॉलोनी में वोल्टेज की समस्या का निदान करने सहित अन्य आवश्यक निर्देश दिए।